Churu News: सालासर बालाजी से 1 KM पहले दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन ने तीन श्रद्धालुओं को कुचला
चूरू के सालासर में बालाजी दर्शन के लिए पैदल जा रहे तीन श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में नागौर के जायल निवासी तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
राजस्थान के चूरू जिले के सालासर में शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सालासर बालाजी की पैदल यात्रा पर निकले तीन श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना सालासर बालाजी मंदिर से करीब 1 किलोमीटर पहले किशनगढ़-सांगारिया स्टेट हाईवे-7 पर रात करीब 11:30 बजे हुई।
80 लोगों के साथ पैदल यात्रा पर निकले थे
सालासर थानाधिकारी शंकर लाल भारी के अनुसार, मृतकों की पहचान नागौर जिले के जायल निवासी राजेश भार्गव (27), नटवर भार्गव (29) और विक्रम भार्गव (24) के रूप में हुई है।
तीनों युवक करीब 80 लोगों के साथ 10 सितंबर को जायल से सालासर बालाजी के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे। शुक्रवार रात उनके साथी श्रद्धालु सालासर से करीब 11 किलोमीटर पहले गनेड़ी में आराम करने के लिए रुक गए थे।
साथियों से पहले सालासर पहुंचने निकले थे
पुलिस के मुताबिक, राजेश, नटवर और विक्रम अपने साथियों से पहले सालासर पहुंचना चाहते थे। इसी वजह से तीनों रात में ही पैदल आगे निकल गए। सालासर बालाजी से करीब 1 किलोमीटर पहले स्टेट हाईवे-7 पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौत हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सालासर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

