‘हर घर तक पानी पहुंचाएंगे, युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाएंगे’, सरपंच पद के दावेदार दीपक यादव ने बताया कुम्हारिया बॉस के विकास का प्लान

कुम्हारिया बॉस से सरपंच पद के दावेदार दीपक यादव ने PK Times से बातचीत में पेयजल, ई-लाइब्रेरी, महिला सुरक्षा, खेल सुविधाओं और जैविक खेती को लेकर अपना विजन बताया।

‘हर घर तक पानी पहुंचाएंगे, युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाएंगे’, सरपंच पद के दावेदार दीपक यादव ने बताया कुम्हारिया बॉस के विकास का प्लान

राजस्थान में ग्राम पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच सरपंच पद के दावेदार ग्रामीणों के सामने अपनी योजनाएं और विकास का विजन रख रहे हैं। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, महिला सुरक्षा और रोजगार जैसे मुद्दे चुनावी चर्चाओं का हिस्सा बने हुए हैं। इसी कड़ी में कुम्हारिया बॉस ग्राम पंचायत से सरपंच पद के दावेदार दीपक यादव ने PK Times से विशेष बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं बताईं। 

दीपक यादव ने कहा कि उनकी पंचायत में सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने निर्वाचित होने की स्थिति में इस समस्या के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं के लिए डिजाइन सेंटर, युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सरकारी स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाने, ई-लाइब्रेरी स्थापित करने और किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने का प्रस्ताव रखा। इंटरव्यू के दौरान एक स्थानीय ग्रामीण ने भी शिक्षा, जल निकासी और सरकारी योजनाओं को लेकर अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। पढ़िए PK Times के साथ दीपक यादव की विशेष बातचीत के प्रमुख अंश।

सवाल 1: कुम्हारिया बॉस ग्राम पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए आपका क्या विजन है?

दीपक यादव: हमारी कुम्हारिया बॉस ग्राम पंचायत में सबसे बड़ी समस्या पानी की है। कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मेरी पहली कोशिश होगी कि इस समस्या का समाधान निकाला जाए और हर घर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था बेहतर बनाई जाए। इसके अलावा मैं महिलाओं के लिए डिजाइन सेंटर स्थापित करने का प्रयास करूंगा। युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करना भी मेरी प्रमुख योजनाओं में शामिल है। खेती के क्षेत्र में रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम करना चाहता हूं। मेरा उद्देश्य है कि कुम्हारिया बॉस एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित हो।

सवाल 2: गांव के युवाओं को खेल और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए क्या योजना है? 

दीपक यादव: युवाओं के लिए केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं संचालित होती हैं। मेरी कोशिश होगी कि इन योजनाओं की जानकारी ग्राम पंचायत के युवाओं तक पहुंचाई जाए। युवाओं को बताया जाएगा कि वे किन योजनाओं के लिए पात्र हैं और उनका लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान देंगे, ताकि गांव के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

सवाल 3: पंचायत के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए क्या करेंगे? 

दीपक यादव: हमारी पंचायत में जिन सरकारी स्कूलों की स्थिति खराब है, उन्हें बेहतर बनाने के लिए प्रयास करेंगे। मेरी योजना है कि इन स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाए। स्कूलों में जरूरी सुविधाओं का आकलन करके संबंधित विभागों के सहयोग से सुधार करवाने का प्रयास करेंगे। मेरा मानना है कि गांव के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए।

सवाल 4: खेलों को बढ़ावा देने के लिए क्या विशेष योजना है? क्या पंचायत के खिलाड़ी राज्य स्तर तक पहुंच सकेंगे? 

दीपक यादव: मेरी कोशिश होगी कि पंचायत में वॉलीबॉल, कबड्डी और अन्य खेलों को बढ़ावा दिया जाए। युवाओं को बेहतर अभ्यास की सुविधा और खेल का वातावरण उपलब्ध कराया जाए। हम चाहते हैं कि कुमारियावास ग्राम पंचायत के खिलाड़ी आगे चलकर राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लें और पदक जीतकर गांव का नाम रोशन करें। इसके लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थापना हमारी प्रमुख योजनाओं में शामिल है।

सवाल 5: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बालिकाओं की शिक्षा के लिए क्या करेंगे?

दीपक यादव: महिलाओं के लिए ग्राम पंचायत में डिजाइन सेंटर स्थापित करने का प्रयास करेंगे। इससे महिलाओं को प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर मिल सकते हैं। इसके अलावा पंचायत में ई-लाइब्रेरी की सुविधा विकसित करना चाहता हूं। अभी कई महिलाओं और बालिकाओं को पढ़ाई के लिए करीब चार किलोमीटर दूर वाटिका जाना पड़ता है। अगर पंचायत में ही अच्छी लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध हो, तो उन्हें पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। मेरा प्रयास रहेगा कि महिलाओं और बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

सवाल 6: महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों की निगरानी के लिए क्या योजना है? 

दीपक यादव: हमारी कोशिश होगी कि गांवों के प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों और जरूरी सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इससे सार्वजनिक स्थानों की निगरानी में मदद मिलेगी। हम चाहते हैं कि गांवों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण मिले। इसके लिए जरूरत के अनुसार स्थानों की पहचान करके सीसीटीवी लगाने की योजना पर काम करेंगे।

सवाल 7: आप एक ग्रामीण के रूप में आने वाले सरपंच से क्या अपेक्षाएं रखते हैं? 

स्थानीय ग्रामीण: ग्राम पंचायत का सरपंच गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हम चाहते हैं कि सड़क, पानी, बिजली, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं की समस्याओं पर काम हो। गांव में जलभराव की समस्या भी रहती है। इसके लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम होना चाहिए। सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार होना चाहिए और शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।

इसके अलावा बालिकाओं की उच्च शिक्षा से जुड़ी परेशानियों को भी दूर करने की जरूरत है।

सवाल 8: सरपंच पद के दावेदार दीपक यादव से आपकी क्या उम्मीदें हैं? 

स्थानीय ग्रामीण: दीपक यादव युवा और शिक्षित उम्मीदवार हैं। हमारा मानना है कि उन्हें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए। सरकार की कई योजनाएं होती हैं, लेकिन उनकी जानकारी सभी लोगों तक नहीं पहुंच पाती। हमारी अपेक्षा है कि जो भी सरपंच बने, वह सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करे। हम चाहते हैं कि पंचायत में विकास कार्य धरातल पर दिखाई दें।

सवाल 9: बुजुर्गों और किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए क्या करेंगे? 

दीपक यादव: हमारा देश कृषि प्रधान है और गांवों में बड़ी संख्या में बुजुर्ग खेती से जुड़े हुए हैं। किसानों के लिए सरकार की कई योजनाएं और सब्सिडी उपलब्ध होती हैं। मेरी कोशिश होगी कि बुजुर्ग किसानों को इन योजनाओं की जानकारी दी जाए। जो किसान पात्र हैं, उन्हें सरकारी सहायता और सब्सिडी के लिए आवेदन करने में सहयोग दिया जाएगा। हम चाहते हैं कि जानकारी के अभाव में कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

सवाल 10: रासायनिक खेती से जैविक खेती की ओर किसानों को कैसे प्रोत्साहित करेंगे? 

दीपक यादव: मेरा उद्देश्य है कि किसानों को जैविक खेती के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए। रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता कम करने के लिए जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेंगे। किसानों को जैविक खेती के तरीकों और इससे जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मैं चाहता हूं कि हमारी पंचायत के किसान खेती में टिकाऊ और बेहतर विकल्प अपनाने की दिशा में आगे बढ़ें।

सवाल 11: यदि जनता आपको सरपंच चुनती है, तो पहले 100 दिनों में किन मुद्दों पर काम करेंगे?

दीपक यादव: मेरी प्राथमिकता युवाओं, महिलाओं और बालिकाओं के लिए काम करना रहेगी। इसके साथ ही पंचायत में पानी जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि कुमारियावास ग्राम पंचायत को एक मॉडल और आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए विकास से जुड़े जरूरी कार्यों को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।