लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही युवती का अपहरण, सरपंच समेत 40 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप
झुंझुनूं के बगड़ थाना क्षेत्र में लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही युवती को जबरन ले जाने का आरोप। सरपंच समेत 40 लोगों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में लिव-इन रिलेशनशिप (Live-in Relationship) में रह रही एक युवती को कथित तौर पर दिनदहाड़े जबरन उठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरपंच के साथ 35 से 40 लोग और 8 से 10 महिलाएं युवती के लिव-इन पार्टनर के घर पहुंचीं। वहां युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद युवती को जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने का आरोप है।
घटना बगड़ थाना क्षेत्र की है। युवक की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोर्ट में युवती ने जताई थी साथ रहने की इच्छा
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, 19 वर्षीय युवक और युवती 18 नवंबर को घर से निकले थे। इसके अगले दिन 19 नवंबर को युवती के परिजनों ने खेतड़ी नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
इसके बाद 23 नवंबर को दोनों थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां युवती ने युवक के साथ रहने की इच्छा जताई। रिपोर्ट के अनुसार, न्यायालय ने दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद युवती युवक के साथ रहने लगी थी।
सरपंच समेत 35-40 लोगों के पहुंचने का आरोप
युवक ने अपनी शिकायत में बताया कि 28 नवंबर को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच युवती के परिजन, सरपंच और अन्य लोग उसके घर पहुंचे। उनके साथ 8 से 10 महिलाएं भी थीं।
आरोप है कि घर में घुसने के बाद लोगों ने युवक और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद युवती को पकड़कर बाहर ले जाने लगे। युवक के मुताबिक, युवती ने उनके साथ जाने से इनकार किया, लेकिन लोगों ने उसकी बात नहीं मानी और उसे घसीटते हुए गाड़ी में डालकर ले गए।
युवक की मां से मारपीट और मंगलसूत्र छीनने का आरोप
युवक का आरोप है कि घटना के दौरान उसकी मां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान उनका मंगलसूत्र छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में युवक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को गोली मारने और तलवार से काटने की धमकी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया अपहरण और मारपीट का मामला
बगड़ थाना प्रभारी के अनुसार, युवक की रिपोर्ट के आधार पर अपहरण और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच एएसआई नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

