सड़क हादसे में पौधावन धाम के महंत बाबा अनिल दास की मौत, 2 साल पुराने जमीन विवाद की भी चर्चा

भरतपुर-कुम्हेर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत में पौधावन धाम के महंत बाबा अनिल दास की मौत हो गई। हादसे में भतीजा घायल, जमीन विवाद की भी चर्चा।

सड़क हादसे में पौधावन धाम के महंत बाबा अनिल दास की मौत, 2 साल पुराने जमीन विवाद की भी चर्चा

राजस्थान के भरतपुर जिले में भरतपुर-कुम्हेर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में अधैयां गांव स्थित पौधावन धाम के महंत बाबा अनिल दास की मौत हो गई। बाबूलाल होम्स कैनाल के पास गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार बाबा अनिल दास के भतीजे गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली मोटरसाइकिल को रौंदते हुए सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खाई में पलट गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

कहासुनी के बाद बिगड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन

जानकारी के अनुसार, बाबा अनिल दास अपने भतीजे गौरव के साथ मोटरसाइकिल से भरतपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुम्हेर की तरफ से गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी भरतपुर की ओर आ रही थी।

बताया जा रहा है कि रास्ते में दोनों वाहनों पर सवार लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लेते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बाबा अनिल दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो साल पुराने जमीन विवाद की भी चर्चा

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रैक्टर चालक और बाइक सवार बाबा अनिल दास व गौरव एक ही गांव अधैयां के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि बाबा अनिल दास और ट्रैक्टर चालक के परिवारों के बीच गोत-नोहरे की जमीन को लेकर करीब दो साल से विवाद चल रहा था।

इसी पुराने विवाद के चलते ग्रामीणों में हादसे को लेकर रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना के पीछे जमीन विवाद की कोई भूमिका थी या नहीं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ट्रैक्टर चालक फरार, घायल गौरव भरतपुर रेफर

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कुम्हेर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बाबा अनिल दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।