बाड़मेर में उपसभापति चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज, कांग्रेस के तीन नाम मैदान में
बाड़मेर नगर परिषद उपसभापति चुनाव में भाजपा ने कन्या देवी को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस के तीन पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है। शाम 5 बजे मतदान के बाद नतीजे घोषित होंगे।
नगर परिषद समेत जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं में उपसभापति और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। बाड़मेर नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए भाजपा ने कन्या देवी को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से तीन पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
सुबह से ही पार्षद मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। परिणाम सामने आने के साथ ही नगर परिषद की नई राजनीतिक तस्वीर भी साफ हो जाएगी।
वहीं जिले की गुड़ामालानी और चौहटन नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। दोनों जगह चुनावी प्रक्रिया बिना मतदान के पूरी हुई।
अब सभी की नजरें बाड़मेर नगर परिषद पर टिकी हैं, जहां कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों के मैदान में होने से चुनावी गणित महत्वपूर्ण हो गया है। शाम को मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद तय होगा कि उपसभापति की कुर्सी किसके हिस्से आती है।

