जोधपुर में हेलमेट पहनकर पहुंचीं दिव्या मदेरणा, मथानिया में फिर गरमाया सियासी माहौल
जोधपुर की मथानिया नगर पालिका में उपाध्यक्ष चुनाव के लिए कांग्रेस पार्षद बस से मतदान स्थल पहुंचे। पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा हेलमेट पहनकर पहुंचीं और इसे सुरक्षा का कदम बताया।
जोधपुर की मथानिया नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्षद बस से मतदान स्थल पर पहुंचे। इस दौरान पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा भी हेलमेट पहनकर वहां पहुंचीं। उनके हेलमेट पहनकर आने की तस्वीरों ने लोगों का ध्यान खींचा।
दिव्या मदेरणा ने हेलमेट पहनने को लेकर कहा कि यह सुरक्षा के लिए है। दरअसल, सोमवार को मथानिया नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और झड़प की स्थिति बन गई थी। इसी घटनाक्रम के बाद मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान सुरक्षा को लेकर भी खास सतर्कता नजर आई।
कांग्रेस पार्षदों को बस के जरिए मतदान स्थल तक लाया गया। उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच मुकाबला अहम माना जा रहा है। सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद मंगलवार की प्रक्रिया पर भी राजनीतिक और प्रशासनिक निगाहें बनी हुई थीं।

