'मेरी छाती पर बुलडोजर चलाकर दिखाओ', अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर हिंसा के बाद ममता बनर्जी का तीखा हमला

अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर हिंसक टकराव के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा और पुलिस पर आरोप लगाए। जानिए कालीपूजा के रास्ते को लेकर उन्होंने क्या कहा।

'मेरी छाती पर बुलडोजर चलाकर दिखाओ', अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर हिंसा के बाद ममता बनर्जी का तीखा हमला
Mamta banarjee

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर शुक्रवार रात हिंसक टकराव हुआ। घटना के बाद शनिवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने भाजपा और कालीघाट पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा, “हिम्मत है तो मेरी छाती पर बुलडोजर चलाओ।”

अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर कैसे शुरू हुआ विवाद?

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद धक्कामुक्की, ईंटबाजी और हिंसक संघर्ष में बदल गया।

अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की और कील लगे डंडों से हमला किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

घटना के विरोध में अभिषेक बनर्जी रात में अपने आवास के सामने धरने पर बैठ गए। शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह घर के भीतर गए।

ममता बनर्जी ने भाजपा और पुलिस को घेरा

शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचीं ममता बनर्जी ने रात में करीब तीन बजे हमला किए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब लोग सो रहे थे, तब उपद्रवियों को लेकर हमला क्यों किया गया?

ममता ने कालीघाट थाने के प्रभारी बलाइ बाग के व्यवहार और कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि अभिषेक की शिकायत पर थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

उन्होंने पुलिस से निष्पक्षता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार का समर्थन करना अलग बात है, लेकिन पुलिस को अपनी सीमा में रहकर काम करना चाहिए। ममता ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह खुद सुप्रीम कोर्ट जाएंगी।

कालीपूजा के रास्ते को लेकर भी उठाए सवाल

ममता बनर्जी ने अपने आवास पर होने वाली कालीपूजा का रास्ता रोकने के लिए सड़क के मोड़ पर नई पूजा आयोजित किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इसके लिए कथित तौर पर अवैध तरीके से अनुमति दी गई है।

ममता ने पुलिस से रास्ता खुला रखने और पूजा में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने की मांग की। इसी मुद्दे पर उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “हिम्मत है तो मेरी छाती पर बुलडोजर चलाओ।”

उन्होंने महिलाओं से अपने इलाके से लेकर पूरे राज्य तक अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील भी की।