‘सबसे पहले हर ढाणी तक पहुंचाएंगे पीने का पानी’, सरपंच प्रत्याशी रामजीलाल यादव ने बताया विकास का रोडमैप

दादिया ग्राम पंचायत से सरपंच पद के प्रत्याशी रामजीलाल यादव ने पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सरकारी योजनाओं को लेकर अपना विकास विजन साझा किया।

‘सबसे पहले हर ढाणी तक पहुंचाएंगे पीने का पानी’, सरपंच प्रत्याशी रामजीलाल यादव ने बताया विकास का रोडमैप

राजस्थान में पंचायती राज चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। सरपंच पद के संभावित उम्मीदवार ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं जान रहे हैं और पंचायत के विकास को लेकर अपनी योजनाएं साझा कर रहे हैं। इसी क्रम में PK Times की टीम जयपुर के दादिया गांव पहुंची, जहां सरपंच पद के प्रत्याशी रामजीलाल यादव से ग्राम पंचायत के विकास को लेकर विशेष बातचीत की गई। दादिया गांव राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा में रहता है। यहां विभिन्न राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। अब पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच गांव में स्थानीय विकास, सरकारी सुविधाओं और बुनियादी जरूरतों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। PK Times से बातचीत में रामजीलाल यादव ने कहा कि यदि जनता उन्हें सरपंच चुनती है, तो उनकी प्राथमिकता हर ढाणी तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना, सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारना, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना होगा। पढ़िए सरपंच पद के प्रत्याशी रामजीलाल यादव से हुई विशेष बातचीत के प्रमुख सवाल और जवाब।

सवाल 1: आप दादिया ग्राम पंचायत से सरपंच पद के लिए चुनावी मैदान में हैं। गांव के विकास को लेकर आपका विजन क्या है? 

रामजीलाल यादव: मेरा सबसे पहला फोकस शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर रहेगा। ग्राम पंचायत के कई सरकारी स्कूलों में पर्याप्त कमरे नहीं हैं। कुछ जगह शिक्षकों की कमी की समस्या भी सामने आती है। इन समस्याओं को दूर करवाने के लिए संबंधित विभागों से बातचीत की जाएगी। गांवों में जनसंपर्क के दौरान युवाओं और बच्चों से बातचीत हुई। कई लोगों ने सुझाव दिया कि गांव में एक अच्छी लाइब्रेरी होनी चाहिए, जहां विद्यार्थी शांत वातावरण में पढ़ाई कर सकें। मेरा प्रयास रहेगा कि ग्राम पंचायत में लाइब्रेरी की सुविधा विकसित की जाए। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, सड़क और नालियों की समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।

सवाल 2: आपने शिक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। सरकारी स्कूलों में सुधार के लिए क्या योजना है? 

रामजीलाल यादव: सरकारी स्कूलों की स्थिति बेहतर बनाना जरूरी है, क्योंकि गांव के अधिकतर बच्चे इन्हीं स्कूलों में पढ़ते हैं। जहां स्कूलों में कमरों की कमी है, वहां अतिरिक्त कमरे बनवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। यदि किसी स्कूल की बिल्डिंग खराब है या मरम्मत की जरूरत है, तो संबंधित विभाग के माध्यम से उसकी मरम्मत या आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण करवाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी शिक्षा विभाग के सामने उठाया जाएगा। मेरा उद्देश्य है कि गांव के बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिले।

सवाल 3: स्कूलों की सुरक्षा, खेलकूद और मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर क्या कदम उठाएंगे?

रामजीलाल यादव: बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यदि किसी स्कूल के कमरे या भवन की स्थिति खराब है, तो उसे ठीक करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। स्कूलों में मिलने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता भी अच्छी होनी चाहिए। बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन मिले, इसके लिए निगरानी और आवश्यक सुधार के प्रयास किए जाएंगे। जहां खेलकूद की सुविधाओं की जरूरत होगी, वहां भी संबंधित विभागों के सहयोग से व्यवस्था बेहतर बनाने का प्रयास रहेगा।

सवाल 4: दादिया और आसपास के गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आपका क्या प्लान है?

रामजीलाल यादव: स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना मेरी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। दादिया में अस्पताल की सुविधा है, लेकिन वहां नियमित रूप से डॉक्टर उपलब्ध रहने की जरूरत है। मेरा प्रयास रहेगा कि अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग से बातचीत की जाए। इसके अलावा भाठे क्षेत्र में मिनी अस्पताल या प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा विकसित करवाने की दिशा में भी प्रयास करेंगे।

इससे लोगों को सामान्य उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

सवाल 5: क्या ग्राम पंचायत में एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी योजना है?

रामजीलाल यादव: बिल्कुल। जनसंपर्क के दौरान कई लोगों ने ग्राम पंचायत में एंबुलेंस की जरूरत बताई है। मेरा प्रयास रहेगा कि पंचायत क्षेत्र के लोगों के लिए एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो। किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक खराब हो जाए या कोई मेडिकल इमरजेंसी आ जाए, तो मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना बहुत जरूरी होता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से एंबुलेंस की व्यवस्था करवाने का प्रयास करेंगे।

सवाल 6: ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिए क्या करेंगे? 

रामजीलाल यादव: महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। गांवों में कई बार इलाज की सुविधा दूर होने के कारण महिलाओं को परेशानी होती है। इसलिए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास करेंगे। भाठे में मिनी अस्पताल की व्यवस्था और ग्राम पंचायत में एंबुलेंस सुविधा विकसित करने से महिलाओं सहित सभी ग्रामीणों को लाभ मिल सकता है। इसके अलावा गांव के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का भी प्रयास रहेगा। इससे सार्वजनिक स्थानों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

सवाल 7: दादिया ग्राम पंचायत में पेयजल की समस्या को लेकर आपका क्या विजन है? 

रामजीलाल यादव: ग्राम पंचायत की कई ढाणियों में आज भी पीने के पानी की समस्या है। कुछ स्थानों पर पानी की पाइपलाइन नहीं बिछी हुई है, जबकि कुछ जगह पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें हैं। मेरा सबसे पहला प्रयास रहेगा कि जिन ढाणियों में पेयजल की लाइन नहीं है, वहां पाइपलाइन बिछवाने का काम करवाया जाए। इसके साथ ही जहां पानी की गुणवत्ता खराब है, वहां समस्या का समाधान करवाने के लिए संबंधित विभाग से बातचीत करेंगे। मेरा उद्देश्य है कि ग्राम पंचायत के हर परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।

सवाल 8: किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए क्या योजना है? 

 

रामजीलाल यादव: किसानों की समस्याओं का समाधान करना भी हमारी जिम्मेदारी है। मेरा प्रयास रहेगा कि कृषि विभाग से बातचीत करके किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज और आधुनिक खेती से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। किसानों को ऐसी फसलों और कृषि तकनीकों के बारे में बताया जाना चाहिए, जिनसे उत्पादन बेहतर हो सके। इसके अलावा जैविक खेती और नई कृषि तकनीकों को लेकर भी किसानों को जागरूक करने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि किसान नई जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी खेती को बेहतर बना सकें।

सवाल 9: गांवों में बिजली कटौती की समस्या रहती है। इसके समाधान के लिए क्या करेंगे?

रामजीलाल यादव: ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की नियमित आपूर्ति बहुत जरूरी है। खेती के लिए तीन फेज बिजली की अपनी व्यवस्था होती है, लेकिन घरेलू उपयोग के लिए सिंगल फेज बिजली की उपलब्धता बेहतर बनाने का प्रयास किया जा सकता है। मेरा प्रयास रहेगा कि जहां जरूरत है, वहां अलग सिंगल फेज लाइन की व्यवस्था के लिए बिजली विभाग से बातचीत की जाए। इसके साथ ही ग्रामीणों को सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। सौर ऊर्जा से जुड़ी सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सहायता की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

सवाल 10: दूसरे प्रत्याशियों की तुलना में जनता आपको क्यों चुने? आप खुद को किस तरह अलग मानते हैं? 

 

रामजीलाल यादव: मैं अपने मुंह से अपनी तारीफ नहीं करना चाहता। यह फैसला जनता को करना है कि कौन व्यक्ति उनके लिए बेहतर काम कर सकता है। मैं अपने क्षेत्र के लोगों के लिए समर्पित हूं और लंबे समय से उनके बीच रहकर उनकी समस्याएं समझने का प्रयास करता रहा हूं। जनता मुझे सरपंच पद की जिम्मेदारी देती है या नहीं, यह पूरी तरह मतदाताओं का निर्णय होगा। मेरा उद्देश्य गांव के विकास के लिए काम करना है।

सवाल 11: यदि जनता आपको सरपंच चुनती है, तो शुरुआती 100 दिनों में सबसे पहले कौन से काम करेंगे? 

रामजीलाल यादव: सबसे पहले पेयजल की समस्या पर काम करूंगा। ग्राम पंचायत की जिन ढाणियों में पानी की पाइपलाइन नहीं है, वहां लाइन बिछवाने और पानी की आपूर्ति बेहतर बनाने के प्रयास शुरू किए जाएंगे। इसके बाद जरूरतमंद परिवारों की सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कई परिवार ऐसे हैं, जिन्हें आवास योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। कुछ लोगों के शौचालय निर्माण और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित भुगतान भी लंबित हैं। मेरा प्रयास रहेगा कि पात्र परिवारों के आवेदन और लंबित मामलों की जांच करवाकर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराया जाए। जिन पात्र परिवारों के घरों में शौचालय नहीं हैं, उन्हें संबंधित सरकारी योजना का लाभ दिलाने का प्रयास करेंगे। मेरी प्राथमिकता रहेगी कि पेयजल और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी समस्याओं पर शुरुआती दिनों से ही काम शुरू किया जाए।