मेडिकल शॉप में लगी भीषण आग, 8 लाख की दवाइयां और उपकरण जलकर खाक
उदयपुर के सेक्टर-14 में राजस्थान हॉस्पिटल के पास मेडिकल शॉप में मंगलवार देर रात आग लग गई। हादसे में करीब 8 लाख रुपये की दवाइयां और उपकरण जल गए।
उदयपुर शहर में मंगलवार देर रात राजस्थान हॉस्पिटल के पास एक मेडिकल शॉप में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में दुकान में रखी करीब 8 लाख रुपये की दवाइयां और मेडिकल उपकरण जलकर राख हो गए।
10 से 15 मिनट में जल गया पूरा सामान
यह घटना सेक्टर-14 स्थित सोनल केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट में हुई। दुकान के मालिक लक्ष्मीलाल गुर्जर ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 1 बजे आसपास के घरों में रहने वाले लोगों ने दुकान से आग की लपटें निकलती देखीं और इसकी सूचना दी।
आग इतनी तेजी से फैली कि महज 10 से 15 मिनट में दुकान में रखा अधिकांश सामान जल गया। आग की लपटें देखकर आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया।
20 मिनट में आग पर पाया काबू
सूचना मिलने के बाद नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) बाबूलाल चौधरी और गोवर्धनविलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल टीम ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। आशंका है कि लाइट के स्विच या वायर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। आग से दुकान का लगभग पूरा सामान जलने से संचालक को करीब 8 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

