CM भजनलाल का देसी अंदाज, गट्टूलाल के घर मिक्स वेज खाई, कहा- मजो आगो
एक बार फिर से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ऊंची-नीच को तोड़ते हुए
कभी पार्क में घूमते हुए, कभी ग्रामीणों के साथ खाट पर संवाद, कभी रात्रि चौपाल में चाय की चुस्की के साथ ग्रामीणों से वन टू वन करते हुए आपने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को देखा होगा. भजनलाल जहां जाते हैं वहां पर लोगों के बीच ऐसी छवि छोड़ जाते हैं कि वो उन्हें इतिहास में याद करने के लिए याद रखते हैं। बांसवाड़ा दौरे के दौरान कुशलगढ़ के चुड़ादा गांव में चौपाल के बाद गांव के निवासी गट्टूलाल यादव के घर खाना खाने पहुंच गए। परिवार के साथ जमीन पर बैठकर पत्तल-दोने में खाना खाया. भोजन में दाल-चावल के साथ मिक्स वेज परोसी गई, जिसमें आलू, ग्वार फली और मटर शामिल थी. इसके अलावा भोजन के साथ आमरस भी परोसा गया.

खाट पर सरकार, ग्रामीणों से बात
मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ नीचे बैठकर ही खाना खाया. खाने के बाद वे घर के बाहर खाट पर बैठ गए और आसपास मौजूद ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों से आत्मीय बातचीत की. इस दौरान उन्होंने गांव की स्थिति, खेती-बाड़ी, पशुपालन और परिवारों की आजीविका के बारे में जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछते हुए सरकारी योजनाओं के लाभ और गांव की जरूरतों पर भी चर्चा की.

जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील
इससे पहले मुख्यमंत्री ने चुड़ादा गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में किसानों और पशुपालकों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की मंशा है कि किसान लाभ की खेती अपनाएं, आय बढ़ाएं और विकास यात्रा में सहभागी बनें. मुख्यमंत्री ने किसानों से जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार बैलों से पारंपरिक और प्राकृतिक खेती करने पर 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है.

"बिजली-पानी की उपलब्धता पर हो रहा काम"
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में बिजली और पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी और गंगनहर सुदृढ़ीकरण सहित माही, देवास और सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति की जा रही है, और वर्ष 2027 तक यह व्यवस्था पूरे राजस्थान में लागू करने का लक्ष्य है.
कृषि क्षेत्र में नवाचार करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कृषि क्षेत्र में नवाचार करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रही है और बड़ी संख्या में नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किसानों, पशुपालकों और युवा उद्यमियों को चेक और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए. इस दौरान कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया.
-------------------------------------------
https://pktimesnews.com/
देश-प्रदेश की ताजा खबरों के लिए PK टाइम्स से जुड़े रहें. आपके शहर की खबर सबसे पहले मिलेगी. क्योंकि हम हर पल आपके लिए तैयार रहते हैं. हमारे साथ जुड़े रहिए और रहिए अपडेट।
JP Sharma 
