कांगो में सैन्य विमान क्रैश, दो लेफ्टिनेंट जनरल समेत 14 लोगों की मौत
कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो लेफ्टिनेंट जनरल भी शामिल हैं।
Congo Military Plane Crash: कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सेना के दो वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब विमान किकवित से राजधानी किंशासा लौट रहा था।
किकवित से किंशासा लौट रहा था सैन्य विमान
रिपोर्ट के मुताबिक, सैन्य विमान दक्षिण-पश्चिमी किकवित से राजधानी किंशासा की ओर लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी समस्या आने की बात सामने आई और यह केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमान में सवार कोई भी व्यक्ति हादसे में नहीं बच सका।
दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की भी मौत
हादसे में मारे गए लोगों में कांगो की सेना के दो वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इनमें सैन्य अदालत के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातलायी तिएंदे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल बताए गए हैं।
कांगोली सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे के अनुसार, दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और विमान के चालक दल के सदस्य भी दुर्घटना में मारे गए।
हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू
दुर्घटना के बाद विमान हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड चेयरमैन ट्राइफॉन किन-किये मुलुम्बा ने कहा कि फिलहाल दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।
शुरुआती जानकारी में विमान में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विद्रोही समूहों के खिलाफ अभियान में जुटी है कांगो सेना
कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की सेना पूर्वी हिस्से में लंबे समय से कई विद्रोही समूहों के खिलाफ अभियान चला रही है। इनमें रवांडा समर्थित एम23 विद्रोही समूह भी शामिल है। सैन्य विमान दुर्घटना के बाद हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

