कोटा की अरुंधति ने फिनलैंड में जमाया मुक्कों का दम, तीनों मुकाबले जीतकर तम्मेर कप में जीता गोल्ड

राजस्थान के कोटा की बॉक्सर अरुंधति चौधरी ने फिनलैंड के तम्मेर कप में लगातार तीन मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में आयरलैंड की एवलिन ईघरो को 4-1 से हराया

कोटा की अरुंधति ने फिनलैंड में जमाया मुक्कों का दम, तीनों मुकाबले जीतकर तम्मेर कप में जीता गोल्ड

राजस्थान के कोटा की बॉक्सर अरुंधति चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया है। फिनलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित तम्मेर कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अरुंधति ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चले इस टूर्नामेंट में उन्होंने क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक अपनी जीत का सिलसिला कायम रखा।

फाइनल में आयरलैंड की बॉक्सर को 4-1 से हराया

अरुंधति ने प्रतियोगिता की शुरुआत क्वार्टर फाइनल मुकाबले से की, जहां उनका सामना मेजबान फिनलैंड की विलमा कूसीक्को से हुआ। इस मुकाबले में जीत दर्ज कर उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद न्यूजीलैंड की बॉक्सर बीलोओलुना के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए अरुंधति ने फाइनल का टिकट हासिल किया।

खिताबी मुकाबले में उनके सामने आयरलैंड की एवलिन ईघरो थीं। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में अरुंधति ने 4-1 से जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया। इस तरह उन्होंने टूर्नामेंट में अपने तीनों मुकाबले जीतकर अपनी अंतरराष्ट्रीय क्षमता का प्रदर्शन किया।

ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ बॉक्सर्स ने लिया हिस्सा

कोटा महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी अरुंधति के बेसिक कोच अशोक गौतम के मुताबिक, तम्मेर कप अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शामिल है। इसमें ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया।

प्रतियोगिता में भारत की ओर से सात महिला और सात पुरुष बॉक्सर शामिल हुए थे। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में लगातार तीन जीत हासिल कर गोल्ड मेडल जीतना अरुंधति के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अरुंधति की जीत से कोटा में खुशी

अरुंधति की सफलता की खबर मिलते ही कोटा के खेल जगत में खुशी का माहौल है। कोटा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष और उनके पिता सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी सहित खेल से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अरुंधति की यह उपलब्धि न सिर्फ राजस्थान बल्कि देश की बॉक्सिंग के लिए भी गौरव का विषय है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन से कोटा के युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।