Rajasthan News: 3 दिन से लापता BJP पार्षद प्रत्याशी सकुशल मिले, बेटे ने पुलिस की जांच पर उठाए सवाल

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 1 सितंबर से लापता प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम चौधरी शुक्रवार को दिल्ली के धौला कुआं से सकुशल मिले। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में अपहरण या दबाव की पुष्टि नहीं हुई है।

Rajasthan News: 3 दिन से लापता BJP पार्षद प्रत्याशी सकुशल मिले, बेटे ने पुलिस की जांच पर उठाए सवाल

राजस्थान में निकाय चुनाव के बीच कोटपूतली-बहरोड़ जिले से लापता भाजपा पार्षद प्रत्याशी आखिरकार शुक्रवार को सकुशल मिल गए। प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम चौधरी 1 सितंबर से लापता थे। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए पांच टीमें गठित की थीं।

अलग-अलग शहरों में मिल रही थी लोकेशन

बुधराम चौधरी के लापता होने के बाद उनके बेटे राहुल चौधरी ने प्रागपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान बुधराम की लोकेशन लगातार बदलती रही। उनकी लोकेशन कभी बहरोड़, कभी कोटपूतली, दिल्ली और अलवर में सामने आई।

पुलिस टीम ने आखिरकार उन्हें दिल्ली के धौला कुआं इलाके से दस्तयाब कर लिया। एसएचओ भजनाराम के अनुसार, बुधराम सकुशल मिले हैं, हालांकि उनकी तबीयत थोड़ी खराब है।

पुलिस बोली- अपहरण या दबाव की पुष्टि नहीं

एसएचओ भजनाराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बुधराम चौधरी के अपहरण या किसी तरह के दबाव में होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, वह अपनी इच्छा से अलग-अलग जगहों पर गए थे। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

बेटे ने पुलिस की कार्रवाई पर जताया असंतोष

वहीं, बुधराम के बेटे राहुल चौधरी ने पुलिस के दावे पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस बता रही है कि उनके पिता अपनी मर्जी से गए थे, लेकिन सवाल यह है कि कोई व्यक्ति अचानक इस तरह क्यों चला जाएगा। राहुल ने मामले की जांच को लेकर असंतोष जताते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है।

प्रत्याशी के लापता होने से गरमाया था राजनीतिक माहौल

भाजपा प्रत्याशी के 48 घंटे से ज्यादा समय तक लापता रहने के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल भी गरमा गया था। वार्ड नंबर 32 से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश देवी अपने पति मेहर सिंह और बेटे के साथ प्रागपुरा थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गई थीं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर भी थाने पहुंचे थे और पुलिस से भाजपा प्रत्याशी को जल्द सकुशल तलाशने की मांग की थी।

अब बुधराम चौधरी के सकुशल मिलने के बाद पुलिस उनके बयान दर्ज कर रही है। पुलिस की आगे की जांच और बुधराम के बयान के बाद उनके अचानक लापता होने की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।