Jaipur News: जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, इलाके में मचा हड़कंप

जयपुर के झोटवाड़ा स्थित कमानी मोड़ चौराहे पर JCB से खुदाई के दौरान टोरेंट गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस रिसाव शुरू हो गया। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने बिजली सप्लाई बंद कराकर करीब आधे घंटे में रिसाव नियंत्रित किया।

Jaipur News: जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, इलाके में मचा हड़कंप

झोटवाड़ा इलाके के कमानी मोड़ चौराहे पर शुक्रवार दोपहर जेसीबी से खुदाई के दौरान टोरेंट गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीमें

घटना की सूचना मिलते ही झोटवाड़ा थाना पुलिस, सिविल डिफेंस की टीम और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए मौके के आसपास यातायात भी डायवर्ट कर दिया गया।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। साथ ही गैस कंपनी को सूचना देकर तत्काल गैस सप्लाई बंद करवाई गई।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव नियंत्रित

झोटवाड़ा थानाधिकारी रेजल सिंह ने बताया कि गैस सप्लाई बंद होने के बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत में गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया। समय रहते सप्लाई बंद होने और पुलिस-प्रशासन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

रिसाव नियंत्रित होने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।