Jaipur News: नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, पहचान और मौत के कारण की जांच में जुटी पुलिस
जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में रावन गेट के पास फार्म हाउस की दीवार के पास करीब 35 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने FSL टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और मृतक की पहचान के साथ परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के करधनी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह रावन गेट के पास एक फार्म हाउस की दीवार के पास युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची करधनी थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान के साथ उसके परिजनों और वारिसों की तलाश कर रही है।
सुबह 9:10 बजे मिली सूचना
SHO करधनी सवाई सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को युवक का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
शव मिलने की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को नीचे उतारा।
मृतक की उम्र करीब 35 साल
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसने काली शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। पहचान नहीं होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की सही वजह मृतक की पहचान और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
करधनी थाना पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके परिजनों और वारिसों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों से जुड़ी जानकारी सामने आ सकेगी।

