आशुतोष रांका और सौरव दास की बेल पर सुनवाई करने वाले मजिस्ट्रेट को धमकी, FIR दर्ज
दिल्ली में CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की जमानत मामले में सुनवाई करने वाले विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट को कथित धमकी मिली। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
दिल्ली में CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की जमानत से जुड़े मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट (SEM) को कथित तौर पर धमकी देने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के कारण दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत से संबंधित सुनवाई नहीं हो सकी।
मजिस्ट्रेट को धमकी के बाद नहीं हो सकी सुनवाई
आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत को लेकर रविवार को सुनवाई होनी थी। हालांकि, मजिस्ट्रेट को कथित धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद सुनवाई नहीं हो पाई। फिलहाल धमकी देने वालों की पहचान नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
13 अक्टूबर को जंतर-मंतर से हिरासत में लिए गए थे दोनों नेता
पुलिस ने आशुतोष रांका और सौरव दास को CJP के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था। इसके बाद 14 अक्टूबर को विशेष अदालत ने दोनों नेताओं को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया था। दोनों फिलहाल जेल में बंद हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों नेता जंतर-मंतर के बंद गेट को पार कर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे। उस समय जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं किया गया था।
CJP ने दी थी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
CJP ने शनिवार को कहा था कि उसने वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल से कानूनी सलाह ली है। संगठन ने चेतावनी दी थी कि अगर रविवार तक दोनों नेताओं को रिहा नहीं किया गया, तो वह कानूनी कार्रवाई करेगा।
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। मजिस्ट्रेट को कथित धमकी के मामले में FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार है।

