बंशी पहाड़पुर में खनन माफिया का वन विभाग की टीम पर हमला, रेंजर समेत कई कर्मचारी घायल

भरतपुर के बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला। रेंजर समेत कई वनकर्मी घायल, मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का आरोप।

बंशी पहाड़पुर में खनन माफिया का वन विभाग की टीम पर हमला, रेंजर समेत कई कर्मचारी घायल

राजस्थान के भरतपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में खनन माफिया और उसके साथियों पर वनकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से पीटने का आरोप है। हमले में रेंजर पवन सिंह बिधूड़ी सहित कई वनकर्मी घायल हुए हैं।

आरोप है कि हमलावरों ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे वनकर्मियों के मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद रिकॉर्ड किए गए वीडियो डिलीट कर मोबाइल रीसेट कर दिए। मामले में रेंजर की रिपोर्ट पर रुदावल थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

ट्रैक्टर-कंप्रेशर जब्त करने पहुंची थी वन विभाग की टीम

पुलिस के अनुसार, बयाना रेंजर पवन सिंह बिधूड़ी ने रिपोर्ट में बताया कि शनिवार को वह वनपाल सुरेंद्र कुमार और वनरक्षक पुखराज, नेतराम व रवि कुमार के साथ सरकारी वाहन से बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

टीम सूखाशीला वनखंड से होते हुए बंशी पहाड़पुर बी वनखंड पहुंची। यहां अवैध खनन की पिट और ताजा खनन के निशान मिले। इसी दौरान एक ट्रैक्टर कंप्रेशर के साथ वहां से भागता दिखाई दिया। वन विभाग की टीम ने उसका पीछा किया तो चालक ट्रैक्टर को पप्पू चुरारी की खनन पिट में खड़ा कर फरार हो गया।

जांच के दौरान ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं मिली। इसके अलावा चेसिस और इंजन नंबर की पट्टियां भी घिसी हुई थीं। टीम ने ट्रैक्टर-कंप्रेशर जब्त कर सरकारी कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की।

15-20 लोग लाठी-डंडे और सरिए लेकर पहुंचे

रिपोर्ट के मुताबिक, जब्ती की कार्रवाई के दौरान रामअवतार मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने वन विभाग की टीम को धमकाया और फोन कर अन्य लोगों को बुला लिया।

कुछ देर बाद खोहरी निवासी हेमसिंह, रिछौहा निवासी देवेंद्र, चेतनिया नगला निवासी लवकुश, खोहरी निवासी ऋषि और हरेन्द्र सहित करीब 15 से 20 लोग लाठी-डंडे और सरिए लेकर मौके पर पहुंच गए।

आरोप है कि इन लोगों ने वनकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और खनन स्थल पर मौजूद साधनों को वहां से भगाने लगे।

रेंजर और वनरक्षकों के साथ मारपीट, मोबाइल छीने

शिकायत के अनुसार, हेमसिंह ने सरकारी वाहन का रास्ता रोक दिया। इसके बाद हेमसिंह और देवेंद्र ने वनरक्षक नेतराम को पकड़कर लाठी-डंडों और सरियों से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे रेंजर पवन सिंह और वनपाल सुरेंद्र कुमार के साथ भी मारपीट की गई। वहीं, ऋषि और हरेन्द्र पर वनरक्षक पुखराज से मारपीट करने का आरोप है।

वन विभाग की टीम मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड कर रही थी। आरोप है कि देवेंद्र और अन्य लोगों ने वनकर्मियों के मोबाइल छीन लिए और रिकॉर्ड किए गए वीडियो डिलीट कर फोन रीसेट कर दिए।

वन विभाग की टीम पर पहले भी हो चुके हैं हमले

बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर हमले की यह पहली घटना नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को भी इसी इलाके में टीम पर हमला हुआ था। उस घटना में गढ़ीबाजना के कोट नाके पर तैनात फॉरेस्टर भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे।

इससे पहले भी वर्ष 2026 में दो बार वन विभाग की टीम पर हमले हो चुके हैं। वहीं, 18 दिसंबर 2025 को बयाना के बंध बारैठा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग और बॉर्डर सिक्योरिटी होमगार्ड की संयुक्त टीम पर हमला हुआ था।