Bharatpur Crime: भरतपुर में युवती पर चाकू से हमला, बचाने आई सहेली भी घायल; आरोपी हिरासत में

भरतपुर के गौरीशंकर कॉलोनी में होमगार्ड की ट्रेनिंग कर रही युवती पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर घायल हो गई। उसे बचाने के प्रयास में सहेली भी घायल हुई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Bharatpur Crime: भरतपुर में युवती पर चाकू से हमला, बचाने आई सहेली भी घायल; आरोपी हिरासत में

भरतपुर में सारस चौराहे के पास गौरीशंकर कॉलोनी में एक युवती पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती को बचाने के प्रयास में उसकी सहेली भी घायल हुई है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

होमगार्ड की ट्रेनिंग कर रही है युवती

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती होमगार्ड की ट्रेनिंग कर रही है और अपनी सहेलियों के साथ गौरीशंकर कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही थी। आरोप है कि सीकर निवासी युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और युवती पर चाकू से हमला कर दिया।

युवती को बचाने के लिए उसकी सहेली बीच में आई, जिसके दौरान वह भी घायल हो गई।

भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान राजेन्द्र प्रसाद (26) पुत्र हरी सिंह निवासी पूरणपुरा सौद, जिला सीकर के रूप में हुई है।

सोशल मीडिया को लेकर नाराजगी की बात सामने आई

सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक सोशल मीडिया पर युवती की रील देखने के बाद उससे नाराज था। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य युवकों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस युवती और आरोपी के बीच पूर्व परिचय, घटना से पहले हुए विवाद और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।