32 साल पुराने अपहरण केस में पंजाब के पूर्व DSP दोषी, कल अदालत सुनाएगी सजा

पंजाब के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को 1992 के अमरीक सिंह अपहरण मामले में मोहाली की सीबीआई अदालत ने दोषी ठहराया है। अदालत 12 नवंबर को सजा सुनाएगी।

32 साल पुराने अपहरण केस में पंजाब के पूर्व DSP दोषी, कल अदालत सुनाएगी सजा

पंजाब पुलिस के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को 32 साल पुराने अमरीक सिंह अपहरण मामले में दोषी ठहराया गया है। मोहाली की सीबीआई अदालत ने बुधवार, 11 नवंबर को सुनवाई पूरी होने के बाद उन्हें भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 365 और 120बी के तहत दोषी करार दिया। अदालत अब गुरुवार, 12 नवंबर को उनकी सजा का ऐलान करेगी।

1992 में लुधियाना के होटल से अपहरण का आरोप

सीबीआई के मुताबिक, यह मामला 25 नवंबर 1992 का है। आरोप था कि तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम ने लुधियाना के होटल अमलताश से अमरीक सिंह का अपहरण किया था।

अमरीक सिंह के बेटे देविंदर सिंह ने अपने पिता के अपहरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 15 नवंबर 1995 को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे।

पांच पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दाखिल हुई थी चार्जशीट

शुरुआती जांच के बाद सीबीआई ने 23 फरवरी 2000 को नियमित मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच पूरी होने पर 27 नवंबर 2001 को पंजाब पुलिस के पांच अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई।

इनमें तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी परमिंदरजीत सिंह, एसएचओ सूबा सिंह, सब-इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर जसवंत सिंह शामिल थे। अदालत ने 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए थे।

एक आरोपी बरी, तीन की हो चुकी है मौत

लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को अपहरण और आपराधिक साजिश रचने का दोषी माना। वहीं, सह आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया गया है।

मामले के तीन अन्य आरोपी एसएचओ सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह की मौत हो चुकी है। इस कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई समाप्त हो गई।

12 नवंबर को होगा सजा का ऐलान

32 साल पुराने इस मामले में दोषसिद्धि के बाद अब अदालत गुरुवार को सजा पर फैसला सुनाएगी। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को कितनी सजा दी जाती है।