भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका! बाल-बाल बची यात्री ट्रेन, ATS-CID अलर्ट
राजस्थान के श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। यात्री ट्रेन बाल-बाल बची। ATS, CID और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर हुए जोरदार धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना से कुछ देर पहले ही एक यात्री ट्रेन वहां से गुजर चुकी थी। अगर ट्रेन उस समय ट्रैक से गुजर रही होती, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।
अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुआ विस्फोट
घटना श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र की है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर 50 जीबी के पास धमाका हुआ। विस्फोट के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सीमावर्ती क्षेत्र में घटना होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
मौके पर एटीएस (ATS), सीआईडी (CID), डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और रेलवे की तकनीकी टीमें पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की तलाशी ले रही हैं, जबकि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।
रेल यातायात रोका गया, जांच के बाद बहाल होंगी ट्रेनें
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर यात्री और मालगाड़ियों का संचालन फिलहाल रोक दिया गया है। रेलवे की ओर से ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा एजेंसियों की जांच पूरी होने के बाद ही रेल यातायात बहाल करने की बात कही गई है।
हादसा या साजिश? हर पहलू से जांच कर रहीं एजेंसियां
भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर हुए इस धमाके के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या यह महज कोई हादसा था या इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है? फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देशन में मामले की जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आ सकेगी।

