Hanumangarh News: भाई को बचाने डिग्गी में कूदे तीन भाई, तीनों की डूबने से मौत
हनुमानगढ़ के पल्लू क्षेत्र के बरमसर गांव में सिंचाई डिग्गी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। रेवड़ को पानी पिलाते समय एक बच्चे के डूबने पर उसे बचाने के लिए तीन भाई डिग्गी में कूद गए थे, जिनमें से एक पाइप पकड़कर सुरक्षित बाहर निकल आया।
हनुमानगढ़ जिले के पल्लू तहसील क्षेत्र के बरमसर गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। मेगा हाईवे के पास स्थित सिंचाई डिग्गी में रेवड़ को पानी पिलाते समय एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। भाई को डूबता देखकर उसे बचाने के लिए उसके तीन भाई भी डिग्गी में कूद गए। हादसे में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बच्चा पाइप पकड़कर किसी तरह बाहर निकल आया।
रेवड़ को पानी पिलाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े तीन बजे चारों बच्चे गांव के पास स्थित सिंचाई डिग्गी पर रेवड़ को पानी पिला रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिरकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बाहर खड़े उसके तीन भाई भी पानी में कूद गए।
चारों बच्चों को तैरना नहीं आता था। इसी वजह से तीन बच्चे डिग्गी में डूब गए। वहीं रामचन्द्र पुत्र सीताराम ने किसी तरह डिग्गी में डाली गई पाइप को पकड़ लिया और बाहर निकलने में कामयाब रहा।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
बाहर निकलने के बाद रामचन्द्र ने जोर-जोर से शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने धन्नासर पुलिस चौकी प्रभारी सहीराम को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर सहीराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस जवानों की मदद से डिग्गी में डूबे तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया। इसके बाद तीनों को एंबुलेंस से रावतसर ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन बच्चों की हुई मौत
हादसे में बजरंग (19) पुत्र श्योनारायण गोस्वामी, सुनील (14) पुत्र पालगर गोस्वामी और कंवर पाल (15) पुत्र श्योनारायण की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, चारों बच्चे रेवड़ चराने के लिए गए थे और शाम के समय डिग्गी में पशुओं को पानी पिला रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलने पर रावतसर थाना प्रभारी अजय कुमार और वृताधिकारी विक्रम चौहान भी मौके पर पहुंचे। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य भी तीन बच्चों की डूबने से मौत की सूचना मिलने पर रावतसर ट्रोमा सेंटर पहुंचे।
पुलिस की मौजूदगी में तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना की जांच रावतसर थाना प्रभारी अजय कुमार द्वारा की जा रही है।

