ग्वालियर हादसे पर PM मोदी-राहुल गांधी ने जताया दुख, सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे में 14 लोगों की मौत और 28 घायल हुए। PM मोदी और राहुल गांधी ने दुख जताया, CM मोहन यादव ने मुआवजे का ऐलान किया।

ग्वालियर हादसे पर PM मोदी-राहुल गांधी ने जताया दुख, सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के बाहर हुए भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत और 28 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। नवरात्रि के दौरान हुए इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

सीएम मोहन यादव ने भी किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी घायलों का निशुल्क इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रपति और राहुल गांधी ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कांग्रेस ने की 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग

हादसे को लेकर कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये और घायलों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।

कांग्रेस विधायक ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने सवाल उठाया कि भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक होने के बावजूद ट्रक प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचा।

तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला

हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे चिनोर रोड पर शीतला माता मंदिर के बाहर हुआ। नवरात्रि के कारण मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान पंजाब नंबर का एक ट्रक श्रद्धालुओं और सड़क किनारे मौजूद दुकानों को टक्कर मारता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार से जा भिड़ा।

टक्कर के कारण मंदिर की बाईं ओर की दीवार भी गिर गई। ग्वालियर रेंज के कार्यवाहक पुलिस महानिरीक्षक असित यादव के मुताबिक, हादसे में 14 लोगों की मौत हुई और 28 लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ब्रेक फेल होने की आशंका, जांच के बाद साफ होगा कारण

जांच से जुड़े एक अधिकारी ने ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

अधिकारी के मुताबिक, चालक ने ट्रक को बाईं ओर मोड़ने की कोशिश की। उनका कहना है कि अगर ट्रक सीधे आगे बढ़ता तो बड़ी संख्या में श्रद्धालु उसकी चपेट में आ सकते थे।