रणथंभौर एक्सप्रेस में बड़ा हादसा टला, पहियों से निकली चिंगारी और धुआं

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र में रणथंभौर एक्सप्रेस से धुआं निकलने की घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई

रणथंभौर एक्सप्रेस में बड़ा हादसा टला, पहियों से निकली चिंगारी और धुआं

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र में गुरुवार सुबह रणथंभौर एक्सप्रेस से धुआं निकलने की घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना लूणी-रीछा रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब पौने 10 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, इंदौर से जोधपुर जा रही रणथंभौर एक्सप्रेस को आगे सिग्नल नहीं मिलने पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए। अचानक ब्रेक लगाने से पहियों और ब्रेक सिस्टम के बीच घर्षण बढ़ गया, जिससे धुआं निकलने लगा।

जनरल कोच के पास धुआं उठता देख यात्रियों को आग लगने की आशंका हुई। घबराए यात्री अपना सामान लेकर ट्रेन से उतर गए और कई लोग पटरियों पर कूद पड़े। इससे कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने ट्रेन को तुरंत रोक दिया। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अग्निशामक यंत्रों की सहायता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जांच में सामने आया कि धुआं ब्रेक सिस्टम में घर्षण के कारण निकला था और ट्रेन में आग नहीं लगी थी।

घटना के चलते रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। आवश्यक जांच और सुरक्षा उपायों के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।