BRICS Summit 2026: दिल्ली पहुंचे शी जिनपिंग, एयरपोर्ट पर जितिन प्रसाद ने किया स्वागत; शाम को PM मोदी से होगी मुलाकात

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए करीब सात साल बाद भारत पहुंचे हैं। BRICS से इतर उनकी PM नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में सीमा, व्यापार, सप्लाई चेन और भारत-चीन संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है।

BRICS Summit 2026: दिल्ली पहुंचे शी जिनपिंग, एयरपोर्ट पर जितिन प्रसाद ने किया स्वागत; शाम को PM मोदी से होगी मुलाकात

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शनिवार को नई दिल्ली पहुंच गए हैं। पालम एयरपोर्ट पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत दौरे पर आए हैं। BRICS सम्मेलन से इतर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है।

शाम 5:45 बजे PM मोदी से होगी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच शनिवार शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में बैठक होगी। दोनों नेताओं की बातचीत में भारत-चीन संबंधों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

भारत की ओर से चीन के बाजार में कृषि उत्पादों की पहुंच, सप्लाई चेन को राजनीतिक तनाव से दूर रखने, आर्थिक संतुलन के लिए संस्थागत व्यवस्था और तकनीक से जुड़े मुद्दे उठाए जा सकते हैं। साथ ही आयात कम करने और व्यापार को संतुलित करने पर भी बातचीत संभव है।

वहीं चीन की प्राथमिकताओं में सीमा विवाद को द्विपक्षीय संबंधों के दूसरे क्षेत्रों से अलग रखना, व्यापारिक रिश्तों को आगे बढ़ाना और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर मजबूत सैन्य सुरक्षा तंत्र बनाए रखने जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं।

काई ची और वांग यी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल

शी जिनपिंग के साथ चीन का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसमें उनके करीबी सहयोगी काई ची और चीन के विदेश मंत्री वांग यी शामिल हैं।

काई ची चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की पोलित ब्यूरो स्थायी समिति के सदस्य होने के साथ सीपीसी केंद्रीय समिति के जनरल ऑफिस के निदेशक भी हैं।

करीब सात साल बाद भारत आए शी जिनपिंग

राष्ट्रपति बनने के बाद शी जिनपिंग पहली बार सितंबर 2014 में भारत आए थे। इसके बाद 2016 में उन्होंने गोवा में हुए BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। साल 2019 में वह चेन्नई के पास मामल्लपुरम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर वार्ता के लिए भारत आए थे।

अब करीब सात साल बाद उनकी भारत यात्रा हो रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली उनकी बैठक को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

BRICS सम्मेलन के लिए दिल्ली में जुटे कई बड़े नेता

18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत कई देशों के नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं।

पुतिन के भारत पहुंचने पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया था, जबकि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान को केंद्रीय राज्य मंत्री शंतनु ठाकुर ने रिसीव किया था।