Damascus Blast: सीरिया की राजधानी दमिश्क में राष्ट्रपति भवन के पास दो धमाके, फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों सुरक्षित

सीरिया की राजधानी दमिश्क में राष्ट्रपति भवन के पास दो जोरदार धमाके हुए। हादसे में 18 लोग घायल हुए, जबकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सुरक्षित हैं। जानिए घटना से जुड़ी ताजा अपडेट।

Damascus Blast: सीरिया की राजधानी दमिश्क में राष्ट्रपति भवन के पास दो धमाके, फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों सुरक्षित

सीरिया की राजधानी दमिश्क मंगलवार (7 जुलाई) को दो जोरदार धमाकों से दहल उठी। ये विस्फोट उस समय हुए, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। धमाकों में 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। राहत की बात यह है कि राष्ट्रपति मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक दोनों धमाके दमिश्क के मध्य क्षेत्र में हुए। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर आग की लपटें उठती दिखाई दीं और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार छा गया। बताया जा रहा है कि एक बम उस होटल के बाहर भी गिरा, जहां फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ठहरे हुए हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि मैक्रों ने धमाकों की आवाज नहीं सुनी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात भी की। धमाके दमिश्क के नेशनल म्यूजियम और पर्यटन मंत्रालय के पास हुए, जो राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार पहला धमाका मैक्रों के काफिले के राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होने के कुछ ही समय बाद हुआ। विस्फोट के बाद एक कूड़ेदान में आग लग गई और वहां से धुआं उठने लगा। इसके कुछ ही मीटर की दूरी पर दूसरा धमाका हुआ, जो एक एम्बुलेंस के पास हुआ, जहां कई लोग मौजूद थे।

गौरतलब है कि 2 जुलाई को भी दमिश्क के एक कैफे में बम धमाका हुआ था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे इन धमाकों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। राष्ट्रपति अहमद अल-शरा, जिन्होंने 2024 में बशर अल-असद को सत्ता से हटाने के बाद देश की कमान संभाली थी, फिलहाल सीरिया में स्थिरता बहाल करने के प्रयासों में जुटे हैं।