Wayanad Landslide: प्रियंका गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड में भूस्खलन, 3 की मौत, कई लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

केरल के वायनाड के कल्लाडी में भारी बारिश के बीच भूस्खलन से 3 लोगों की मौत हो गई, कई लोग लापता हैं। NDRF और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।

Wayanad Landslide: प्रियंका गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड में भूस्खलन, 3 की मौत, कई लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
वायनाड भूस्खलन

केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के बीच मंगलवार को बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड के मेप्पाडी के पास कल्लाडी इलाके में हुआ। भूस्खलन का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे गिरता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा प्रस्तावित वायनाड-मलप्पुरम टनल रोड प्रोजेक्ट के निर्माण क्षेत्र में हुआ। खुदाई के दौरान जमा मलबा अचानक खिसककर नीचे आ गया, जिससे सड़कें बंद हो गईं। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि सात लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

पिछले 24 घंटों में इलाके में 265 मिमी बारिश दर्ज की गई। बताया गया है कि निर्माण स्थल पर काम पहले से बंद था, लेकिन आसपास मौजूद लोग अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आ गए। मलबे के नीचे एक चर्च, चाय की दुकान और बस स्टॉप भी दब गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने आशंका जताई है कि मलबे में अभी और लोग फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि फिलहाल स्थिति राज्य सरकार के नियंत्रण में है। यदि अतिरिक्त बल या विशेषज्ञों की जरूरत होगी तो केंद्र हर संभव मदद उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल सहायता नहीं, बल्कि सरकार की जिम्मेदारी है।

वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि भूस्खलन में फंसे लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, NDRF, SDRF और सिविल डिफेंस की टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं तथा राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण हुआ यह भूस्खलन बेहद दुखद है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रशासन के राहत एवं बचाव कार्यों में पूरा सहयोग करने की अपील की और प्रभावित लोगों के जल्द सुरक्षित होने की कामना की।