इस राज्य में मिड डे मील में मिलेगी चिकन बिरयानी, मुख्यमंत्री को भेजा गया प्रस्ताव... पढ़ाई के साथ-साथ पोषण भी
इस राज्य सरकार मिड डे मील योजना में छात्रों को चिकन बिरयानी परोसने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। जानें...
तमिलनाडु सरकार की मिड डे मील (दोपहर भोजन) योजना में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने कहा है कि सरकार छात्रों को हफ्ते में एक दिन चिकन बिरयानी परोसने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इस संबंध में प्रस्ताव मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को भेजा गया है और वह इस पर विचार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के पास पहुंचा प्रस्ताव
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने बताया कि मिड डे मील योजना को और बेहतर बनाने के लिए सरकार कई विकल्पों पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को सप्ताह में एक दिन चिकन बिरयानी देने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा गया है, जिस पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।
समय-समय पर बदलती रही मिड डे मील योजना
राजमोहन ने बताया कि तमिलनाडु की दोपहर भोजन योजना का लंबा इतिहास रहा है और समय के साथ इसमें कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि:
- सबसे पहले जस्टिस पार्टी ने भोजन योजना की शुरुआत की थी।
- इसके बाद कामराज सरकार ने इसे मिड डे मील योजना का स्वरूप दिया।
- करुणानिधि सरकार ने योजना में अंडे शामिल किए।
- एम. जी. रामचंद्रन ने इसे पौष्टिक भोजन योजना के रूप में विस्तार दिया।
- बाद में जयललिता सरकार ने छात्रों को हर सप्ताह अंडे उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की।
सरकार का फोकस पोषण पर
राज्य सरकार का कहना है कि मिड डे मील योजना का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना और स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना है। चिकन बिरयानी का प्रस्ताव भी इसी दिशा में एक संभावित कदम माना जा रहा है। हालांकि, इसे लागू करने पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा

