PM आवास पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, कांग्रेस नेताओं से की बातचीत; धरना खत्म करने की अपील
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी पेपर लीक मामले में पीएम और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर धरना खत्म करने की अपील की।
Congress Protest: दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता धरने पर बैठे हैं।
इस बीच घटनाक्रम में बड़ा मोड़ तब आया, जब केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेताओं से बातचीत करने के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी और अन्य नेताओं से मुलाकात कर धरना समाप्त करने की अपील की।
कांग्रेस का आरोप है कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर सरकार जवाब देने से बच रही है। इसी को लेकर पार्टी प्रधानमंत्री आवास के पास विरोध प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता "प्रधानमंत्री इस्तीफा दो" और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" के नारे लगा रहे हैं।
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। प्रधानमंत्री आवास हाई-सिक्योरिटी जोन होने के कारण इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने इस प्रदर्शन की पूरी तैयारी बेहद गोपनीय तरीके से की थी। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेता खड़गे के आवास से पैदल मार्च करते हुए प्रधानमंत्री आवास के पास पहुंचे। मीडिया को इसकी जानकारी तब दी गई, जब नेता प्रदर्शन स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पहुंच चुके थे।
उधर, जंतर-मंतर पर भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है, जहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद हैं। हालांकि, कांग्रेस के मौजूदा धरने में सबसे अहम घटनाक्रम केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत करना और उन्हें धरना समाप्त करने की अपील करना माना जा रहा है।

