राहुल गांधी पहली बार पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे, प्रियंका-खड़गे समेत कई कांग्रेस नेता हिरासत में देखे वीडियो

राहुल गांधी पहली बार प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरने पर बैठे। प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई कांग्रेस नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया।

राहुल गांधी पहली बार पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे, प्रियंका-खड़गे समेत कई कांग्रेस नेता हिरासत में देखे वीडियो
Rahul Gandhi

Rahul Gandhi Protest: राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहली बार प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद हैं।

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से करीब 7 किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए प्रधानमंत्री आवास के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अन्य नेताओं के साथ धरना शुरू किया। इस घटनाक्रम ने राजधानी की राजनीति को अचानक गर्मा दिया है।

https://x.com/i/status/2079507637859909839

धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर मंगलवार को 32वें दिन भी प्रदर्शन जारी है। इसी बीच कांग्रेस ने भी शिक्षा से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास के निकट विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरना स्थल पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई कांग्रेस नेता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। कांग्रेस का कहना है कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है।

सुरक्षा क्षेत्र होने के कारण पुलिस की कार्रवाई

प्रधानमंत्री आवास का इलाका हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है, जहां सामान्य परिस्थितियों में धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं होती। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और कांग्रेस नेताओं को वहां से हटाने का प्रयास किया।

हालांकि, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध के तौर पर अपने हाथ आपस में बांध लिए और धरना जारी रखा। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन की तैयारी बेहद गोपनीय तरीके से की गई थी और इसकी जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की गई थी।

कई कांग्रेस नेता हिरासत में

अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में लिया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल बताए जा रहे हैं।

फिलहाल प्रधानमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका विरोध आगे भी जारी रह सकता है।