जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े NSUI के तीन छात्र नेता, अमित शाह के इस्तीफे और छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग

जयपुर में NSUI के दो छात्र और एक छात्रा पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध, अमित शाह के इस्तीफे और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े NSUI के तीन छात्र नेता, अमित शाह के इस्तीफे और छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग

राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब NSUI के दो छात्र और एक छात्रा पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए। तीनों छात्र नेता दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे और राजस्थान के विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई है।

कौन-कौन छात्र नेता टंकी पर चढ़े?

प्रदर्शन करने वालों में राजस्थान विश्वविद्यालय के NSUI प्रभारी विजयपाल कुड़ी, उपाध्यक्ष कोशेन खान और मेंबर वियोना जाट शामिल हैं। तीनों हाथों में पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

टोंक फाटक के पास मचा हड़कंप

यह घटना टोंक फाटक पुलिया के पास, गांधी नगर रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित रेलवे की पानी की टंकी पर हुई। गुरुवार सुबह तीनों छात्र नेता वहां पहुंचे और एक-एक कर टंकी पर चढ़ गए। इसके बाद उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने तीनों छात्र नेताओं को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू कर दिया है।

एहतियात के तौर पर टंकी के नीचे सुरक्षा जाल (सेफ्टी नेट) भी लगाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ये हैं प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें

  • जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कार्रवाई।
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा।
  • राजस्थान के विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की बहाली।
  • फिलहाल प्रशासन छात्र नेताओं को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहा है और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है