बाड़मेर में कांस्टेबल भाई-बहन की अनूठी मिसाल! दादी के बारहवें पर बदली मृत्यु भोज की परंपरा
बाड़मेर के भीमड़ा गांव में राजस्थान पुलिस के कांस्टेबल भाई-बहन मूलराज और टीपू कोड़ेचा ने दादी के बारहवें पर मिठाई और पकवानों के बजाय सिर्फ दाल-रोटी परोसने का फैसला किया। जानें पूरी कहानी।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के भीमड़ा गांव से सामाजिक बदलाव की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहां राजस्थान पुलिस में तैनात कांस्टेबल भाई-बहन मूलराज कोड़ेचा और टीपू कोड़ेचा ने अपनी दादी के बारहवें पर मृत्यु भोज की खर्चीली परंपरा को नई दिशा देने की पहल की। दोनों ने मिठाइयों और पांच तरह के पकवानों के बजाय केवल दाल-रोटी का भोजन रखने का फैसला किया। खास बात यह रही कि पूरे परिवार ने उनकी इस सोच का समर्थन किया। इस पहल के पीछे सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाने वाले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य की प्रेरणा रही। वे खुद भी भीमड़ा गांव पहुंचे और परिवार के इस फैसले की सराहना की। इस पहल ने समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है कि किसी दिवंगत परिजन को श्रद्धांजलि देने के लिए दिखावे और भारी-भरकम खर्च की जरूरत नहीं होती। सच्चा सम्मान अच्छे संस्कारों, विचारों और कर्मों से व्यक्त होता है। सवाल यही है कि क्या ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में वर्षों से चली आ रही खर्चीली परंपराओं को बदलने की नई शुरुआत बन सकते हैं?

