नगाड़ों की थाप पर झूम उठा पुष्कर मेला, विदेशी टीम ने भारत को हराया; एक करोड़ की ‘नगीना’ बनी आकर्षण

पुष्कर मेला 2026 का नगाड़ों की गूंज के साथ शुभारंभ हुआ। विदेशी टीम ने फुटबॉल में भारत को 5-1 से हराया, जबकि एक करोड़ की घोड़ी नगीना और ग्रेट डेन डॉग आकर्षण बने।

नगाड़ों की थाप पर झूम उठा पुष्कर मेला, विदेशी टीम ने भारत को हराया; एक करोड़ की ‘नगीना’ बनी आकर्षण

राजस्थान के अजमेर जिले में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु एवं धार्मिक मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। नगाड़ों की गूंज, लोक संगीत और देशी-विदेशी पर्यटकों के उत्साह के बीच कार्तिक मास की गोपाष्टमी पर मेले की शुरुआत हुई। कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पूजा-अर्चना के बाद ध्वजारोहण कर समारोह का उद्घाटन किया। इस दौरान ब्राजील की कलाकार ने नगाड़े की थाप पर लोक गायक मामे खान का गीत गाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं, फुटबॉल मुकाबले में विदेशी पर्यटकों की टीम ने भारतीय टीम को 5-1 से हराया। पशु मेले में एक करोड़ रुपये की घोड़ी 'नगीना' और 40 इंच से अधिक ऊंचाई वाला ग्रेट डेन डॉग भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ पुष्कर मेला 2026

पुष्कर मेला मैदान में सुबह करीब 11 बजे आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद पुलिस की सलामी के बीच ध्वजारोहण कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया।

समारोह में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की टीम ने शानदार प्रस्तुति दी। नगाड़ों की थाप और राजस्थानी लोक संगीत ने पूरे माहौल को उत्सव के रंग में रंग दिया। विदेशी पर्यटक भी संगीत की धुन पर झूमते नजर आए और कुछ ने पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाने में भी रुचि दिखाई।

इस अवसर पर पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलेक्टर लोकबंधु और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

ब्राजील की कलाकार ने नगाड़े पर गाया मामे खान का गीत

उद्घाटन समारोह में विदेशी कलाकारों की भागीदारी खास आकर्षण रही। नाथूलाल सोलंकी की टीम में करीब छह देशों के विद्यार्थी नगाड़ा वादन सीख रहे हैं। ब्राजील से आईं साल्वे पिछले पांच साल से इस पारंपरिक वाद्ययंत्र की ट्रेनिंग ले रही हैं।

उन्होंने मंच पर नगाड़े की थाप के साथ लोक गायक मामे खान का गीत 'छुप ना जाओ जी' गाया। भारतीय लोक संगीत और विदेशी कलाकार की इस जुगलबंदी को दर्शकों ने खूब सराहा।

फुटबॉल मुकाबले में विदेशी पर्यटकों ने भारत को 5-1 से हराया

पुष्कर मेले में 'चक दे इंडिया' थीम पर भारतीय और विदेशी पर्यटकों के बीच फुटबॉल मैच आयोजित किया गया। सात देशों से आए विदेशी पर्यटकों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय पर्यटकों की टीम को 5-1 से हरा दिया।

मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। मुकाबले के बाद पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

विदेशी खिलाड़ी मुरिलो ने कहा कि भारत में फुटबॉल खेलना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने पुष्कर के लोगों की मेहमाननवाजी और यहां के माहौल की भी तारीफ की।

हॉर्स शो के दौरान बिदका भैंसा, दो घोड़ों को गिराया

मेले में आयोजित हॉर्स शो के दौरान एक अप्रत्याशित घटना भी हुई। अजमेर जिला पुलिस के जवानों ने घोड़ों पर सवार होकर कई करतब दिखाए। इसी बीच ढोल की थाप पर घोड़ों को नचाने के दौरान एक भैंसा अचानक बिदक गया।

भैंसे ने दो घोड़ों पर हमला कर उन्हें गिरा दिया। इसके अलावा पास खड़ी एक जीप को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एक करोड़ की घोड़ी नगीना और ग्रेट डेन डॉग देखने उमड़े लोग

पुष्कर पशु मेले में इस बार महंगे और खास नस्ल के पशु भी पर्यटकों का ध्यान खींच रहे हैं। करीब एक करोड़ रुपये कीमत की घोड़ी 'नगीना' लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इसके अलावा कोटा से लाया गया पांच साल का ग्रेट डेन नस्ल का डॉग भी चर्चा में है। 40 इंच से अधिक ऊंचाई वाले इस डॉग के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोग जुट रहे हैं।

डॉग के मालिक के अनुसार, उसे बिक्री के लिए नहीं, बल्कि प्रदर्शन के उद्देश्य से मेले में लाया गया है। उसकी डाइट में घर का बना चिकन, चावल और अंडे शामिल हैं। मालिक ने बताया कि उसकी ब्रीडिंग फीस 35 से 40 हजार रुपये है, जबकि फीमेल डॉग की नस्ल और गुणवत्ता के आधार पर यह शुल्क 40 से 50 हजार रुपये तक हो सकता है।

मंत्री बोले- हर साल मेले में कुछ नया जोड़ने का प्रयास

कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर मेले को लेकर हर साल देशी और विदेशी पर्यटकों में उत्साह रहता है। इस बार भी बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मेले को और आकर्षक बनाने के लिए हर साल नए कार्यक्रम शामिल करने का प्रयास किया जाता है।

मंत्री ने नगाड़ा बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और मेले में आए पर्यटकों को शुभकामनाएं दीं।