नागौर में DJ स्टंट पड़ा भारी: जुलूस के दौरान गिरे दो कैमरामैन, एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
राजस्थान के नागौर के खींवसर में रिटायर्ड शिक्षक के सम्मान में निकाले गए जुलूस के दौरान DJ वाहन का संतुलन बिगड़ने से दो कैमरामैन नीचे गिर गए। हादसे में 25 वर्षीय बंटी प्रजापत की मौत हो गई, जबकि प्रहलाद प्रजापत का इलाज जारी है।
राजस्थान के नागौर जिले में एक जुलूस के दौरान किया गया खतरनाक स्टंट जानलेवा हादसे में बदल गया। खींवसर थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के सम्मान में निकाले जा रहे जुलूस के दौरान आगे चल रहे DJ वाहन का संतुलन बिगड़ गया। वाहन के ऊपर बैठकर शूटिंग कर रहे दो कैमरामैन नीचे गिर गए। हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है और उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें DJ वाहन को लहराते हुए चलाने के दौरान हादसा होते देखा जा सकता है।
रिटायरमेंट सम्मान समारोह में निकाला जा रहा था जुलूस
जानकारी के अनुसार, खींवसर थाना क्षेत्र के आकला गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत शिवराज प्रजापत सेवानिवृत्त हुए थे। उनके सम्मान में सोमवार को जुलूस निकाला जा रहा था और उन्हें सम्मानपूर्वक घर तक ले जाया जा रहा था।
जुलूस के सबसे आगे DJ वाहन चल रहा था। वाहन के ऊपर दो कैमरामैन फोटो और वीडियो शूट करने के लिए बैठे हुए थे। इसी दौरान वाहन को असामान्य तरीके से लहराते हुए चलाया जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों कैमरामैन नीचे गिर गए।
एक कैमरामैन की मौत, दूसरे का इलाज जारी
हादसे में खींवसर निवासी 25 वर्षीय बंटी प्रजापत और 22 वर्षीय प्रहलाद प्रजापत घायल हो गए। दोनों को पहले उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर किया गया।
जोधपुर में इलाज के दौरान बंटी प्रजापत की मौत हो गई। वहीं प्रहलाद प्रजापत का उपचार जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
वीडियो में कैद हुआ हादसे का घटनाक्रम
हादसे के दौरान जुलूस के पीछे चल रही एक स्कॉर्पियो में सवार व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। सामने आए वीडियो में DJ वाहन सड़क पर असंतुलित तरीके से चलता दिखाई देता है। कुछ ही पलों बाद उसका संतुलन बिगड़ता है और ऊपर बैठे दोनों कैमरामैन नीचे गिर जाते हैं।
वाहन भी नियंत्रण से बाहर होकर सड़क से नीचे खेत की ओर चला गया। हालांकि वह पूरी तरह पलटा नहीं, जिससे एक और बड़े हादसे की आशंका टल गई।
पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार
घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी मामले की जानकारी ली है। जिला पुलिस अधीक्षक आसाराम चौधरी के अनुसार, जुलूस के दौरान DJ संचालक की ओर से खतरनाक स्टंट किए जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद सार्वजनिक आयोजनों और जुलूसों में वाहनों से किए जाने वाले खतरनाक स्टंट तथा सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठ रहे हैं।

