Jaipur News : ज्वेलरी शॉप में दुकानदार को बातों में उलझाकर गहने चुराए, किन्नर समेत महिला गिरफ्तार

जयपुर के बजाज नगर में ज्वेलरी शॉप से सोने के टॉप्स और अंगूठी चोरी करने के मामले में पुलिस ने राजू उर्फ पूजा किन्नर को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुकानदार को बातों में उलझाकर गहने लेकर फरार हो गया था, जिनकी बरामदगी कर ली गई है।

Jaipur News : ज्वेलरी शॉप में दुकानदार को बातों में उलझाकर गहने चुराए, किन्नर समेत महिला गिरफ्तार

बजाज नगर थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी राजू उर्फ पूजा किन्नर (50) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहल्ला फुटबाल चौक, थाना सिटी, जिला जालंधर, पंजाब का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

दुकानदार को बातों में उलझाकर चुराए गहने

डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि सिद्धार्थ नगर निवासी रामरज गोयल (60) ने 31 अगस्त को बजाज नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी बी-63, प्रगति पथ, बजाज नगर में सरयू ज्वेलर्स नाम से दुकान है।

रिपोर्ट के अनुसार, 19 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे एक किन्नर और उसके साथ एक महिला ज्वेलरी शॉप पर पहुंचे थे। किन्नर ने दुकानदार से 11 जोड़ी पायल खरीदने और गिफ्ट करने के लिए दिखाने को कहा। दुकानदार ने उसे पायल की 11 जोड़ियां दिखाईं, जिनमें से उसने पसंद कर लीं।

इसके बाद उसने दो जोड़ी टॉप्स और एक लेडीज अंगूठी भी पसंद की।

पैसे लेने के बहाने दुकान से निकला

जब दुकानदार ने सामान का भुगतान करने के लिए कहा तो आरोपी ने बताया कि उसके पास नकद पैसे नहीं हैं और वह घर से रुपये लेकर आएगा। इसके बाद आरोपी दुकान से बाहर चला गया, जबकि उसके साथ आई महिला वहीं बैठी रही।

कुछ देर बाद दुकानदार ने जब गहने संभाले तो एक जोड़ी सोने के टॉप्स और सोने की अंगूठी गायब मिली। दुकानदार ने महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह आरोपी किन्नर को केवल दो दिन से जानती है। उसने यह भी बताया कि न तो वह उसका घर जानती है और न ही कभी उसके घर गई है।

इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी और बजाज नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने ज्वेलरी शॉप और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की भी मदद ली गई।

लगातार जांच और प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।