क्रिप्टो-प्रॉपर्टी में भारी मुनाफे का झांसा देकर 100 करोड़ की ठगी, गुरुग्राम से सरगना समेत 2 गिरफ्तार
प्रॉपर्टी और USDT में निवेश के नाम पर करीब 100 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने सरगना समेत दो आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।
जयपुर में प्रॉपर्टी और क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सोडाला थाना पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से लग्जरी वाहन और महंगी बाइक बरामद हुई है, जबकि बैंक में जमा करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी फ्रीज कराई गई है।
निवेश पर भारी मुनाफे का दिया जाता था झांसा
जयपुर पुलिस के अनुसार आरोपी प्रॉपर्टी और यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देते थे। इसके लिए उन्होंने 'ईजी वे होम्स' नाम से कंपनी संचालित की और 'फिलन्टी आईओ' तथा 'फिलन्टी लाइव' नाम से डिजिटल कॉइन से जुड़ी वेबसाइट तैयार की।
पुलिस का आरोप है कि निवेशकों से रकम लेने के बाद आरोपी कंपनी और वेबसाइट बंद कर देते थे और संपर्क से बाहर हो जाते थे।
5.55 करोड़ की शिकायत से शुरू हुई जांच
सोडाला थाने में ऋषि मेहता की ओर से दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने निवेश पर बड़ा मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर चेक और अन्य माध्यमों से करीब 5.55 करोड़ रुपए लिए थे।
पुलिस के मुताबिक 1 जनवरी 2026 को रकम वापस करने का समय आने पर आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर दिए और फरार हो गए। इसके बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई और उन पर इनाम भी घोषित किया गया।
गुरुग्राम से पकड़े गए दोनों आरोपी
डीसीपी साउथ राजर्षि राज के अनुसार पुलिस ने मामले में मोहित कालोया (27) निवासी कालाडेरा, जयपुर और उसके सहयोगी घनश्याम कांदेल उर्फ घनश्याम कडेल (35) निवासी सामोद को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लग्जरी गाड़ी और महंगी बाइक बरामद की है। इसके अलावा बैंक में जमा करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी को फ्रीज कराया गया है।
अलग-अलग थानों में भी दर्ज हैं करोड़ों की शिकायतें
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ जयपुर के अलग-अलग थानों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। इनमें चित्रकूट थाने में करीब 89 करोड़ रुपए, साइबर क्राइम थाने में 87 लाख रुपए, चौमूं थाने में 1.17 करोड़ रुपए और सोडाला थाने में एक अन्य मामले में करीब 50 लाख रुपए की ठगी से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कितने निवेशकों से रकम ली गई।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान ठगी के तरीके, बैंक खातों और अन्य सहयोगियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आए अन्य पीड़ितों और लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित फर्जी डिजिटल कॉइन वेबसाइटों के जरिए कितने लोगों को निवेश के नाम पर जोड़ा गया था और ठगी की रकम कहां-कहां ट्रांसफर की गई।

