BRICS Summit 2026: दिल्ली में आज से 18वें शिखर सम्मेलन का आगाज, मोदी-शी जिनपिंग समेत इन नेताओं से होगी अहम मुलाकात

दिल्ली में 12-13 सितंबर को 18वां BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। पीएम मोदी की शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति समेत कई नेताओं से द्विपक्षीय बैठकें होंगी, जबकि ग्लोबल साउथ, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और वैश्विक संघर्षों के असर पर चर्चा होगी।

BRICS Summit 2026: दिल्ली में आज से 18वें शिखर सम्मेलन का आगाज, मोदी-शी जिनपिंग समेत इन नेताओं से होगी अहम मुलाकात

दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 12 और 13 सितंबर को होने वाले इस सम्मेलन में वैश्विक राजनीति, ग्लोबल गवर्नेंस और बहुपक्षवाद समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी संघर्षों के वैश्विक प्रभाव पर भी BRICS देशों के नेता विचार-विमर्श करेंगे।

भारत इस बार BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। ऐसे में सम्मेलन के एजेंडे में ग्लोबल साउथ को खास प्राथमिकता दी गई है। भारत का जोर युद्ध और वैश्विक तनाव के कारण विकासशील देशों पर पड़ने वाले आर्थिक असर को कम करने पर रहेगा। खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए व्यावहारिक समाधान तलाशना भी प्रमुख मुद्दों में शामिल है।

12 सितंबर को PM मोदी की कई अहम बैठकें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 12 सितंबर को कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ मुलाकात से होगी।

इसके बाद सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात करेंगे। सुबह 11 बजे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके करीब आधे घंटे बाद सुबह 11:30 बजे वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ बातचीत होगी। इन बैठकों के दौरान आधिकारिक फोटो सेशन भी रखा गया है।

राष्ट्रपति भवन में ईरान के राष्ट्रपति से मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी की ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ भी बैठक निर्धारित है। यह मुलाकात सुबह 11:30 बजे राष्ट्रपति भवन में होगी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत और ईरान के शीर्ष नेतृत्व की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक में क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के साथ-साथ ऊर्जा आपूर्ति और व्यापारिक संपर्कों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

शाम को शी जिनपिंग से मिलेंगे PM मोदी

शनिवार शाम 5:45 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक करेंगे। यह मुलाकात भारत मंडपम में होगी। दोनों नेताओं के बीच होने वाली इस बैठक पर खास नजर रहेगी।

भारत और चीन के बीच सीमा, व्यापार और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े मुद्दे लंबे समय से अहम रहे हैं। ऐसे में मोदी और शी जिनपिंग की बातचीत से दोनों देशों के संबंधों की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिलने की उम्मीद है।

ग्लोबल साउथ की चुनौतियों पर भारत का फोकस

BRICS की अध्यक्षता के दौरान भारत ने विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं की चुनौतियों को प्राथमिकता दी है। यूक्रेन और पश्चिम एशिया के संघर्षों का असर ऊर्जा की कीमतों, खाद्य आपूर्ति और वैश्विक व्यापार पर पड़ सकता है।

भारत का प्रयास है कि ऐसे रास्ते तलाशे जाएं, जिससे इन संकटों का बोझ ग्लोबल साउथ के देशों पर कम पड़े। दिल्ली में होने वाला यह सम्मेलन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि BRICS अब पहले की तुलना में बड़ा समूह बन चुका है। भारत इस मंच के जरिए विकास, आर्थिक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और मजबूत सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर साझा रणनीति तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है।