फुकेट-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट में हवा में जोरदार टर्बुलेंस, 12 यात्री और क्रू सदस्य घायल

Air India Flight Turbulence: फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। हादसे में 12 यात्री और क्रू सदस्य घायल हुए। जानिए पूरी घटना और एयरलाइन का बयान।

फुकेट-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट में हवा में जोरदार टर्बुलेंस, 12 यात्री और क्रू सदस्य घायल

Air India Flight Turbulence: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 मंगलवार (4 अगस्त) को अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। उड़ान के दौरान विमान कुछ समय के लिए तेजी से नीचे आया, जिससे यात्रियों और क्रू में अफरा-तफरी मच गई। घटना में 12 यात्री और क्रू सदस्य घायल हो गए।

एअर इंडिया के अनुसार, विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बाहर निकल गए। एयरलाइन ने बताया कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, जबकि मामूली रूप से घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों को एहतियातन एयरपोर्ट मेडिकल सेंटर भेजा गया, जहां मेडिकल टीम ने उनका उपचार किया।

जानकारी के मुताबिक, फुकेट से दिल्ली आ रही इस फ्लाइट में 134 यात्री सवार थे। एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, विमान दिल्ली पहुंचने से पहले क्लियर एयर टर्बुलेंस (Clear Air Turbulence) की चपेट में आ गया। यह ऐसा टर्बुलेंस होता है, जो साफ मौसम में अचानक आता है और इसका पहले से अनुमान लगाना बेहद मुश्किल होता है।

सूत्रों ने बताया कि टर्बुलेंस के कारण विमान को भी मामूली नुकसान पहुंचा है। हालांकि पायलट ने स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई। घटना के समय मौसम सामान्य था, लेकिन ऊंचाई पर हवा की दिशा और गति में अचानक बदलाव के कारण विमान को तेज झटके लगे।

विशेषज्ञों के अनुसार, टर्बुलेंस तब होता है जब हवा का प्रवाह अस्थिर हो जाता है। अलग-अलग दिशा और गति से बहने वाली हवाएं विमान को अचानक ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं झटका देती हैं। यही वजह है कि यात्रियों को हमेशा सीट बेल्ट बांधकर रखने की सलाह दी जाती है, चाहे सीट बेल्ट संकेतक बंद ही क्यों न हो।