UP Madarsa News: उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव, अब मदरसे नहीं दे सकेंगे कामिल-फाजिल की डिग्री
UP Madarsa News: उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने मदरसा शिक्षा परिषद अधिनियम-2004 में संशोधन को मंजूरी दी। अब प्रदेश के मदरसे कामिल और फाजिल की डिग्री जारी नहीं कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार ने मदरसा शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में मदरसा शिक्षा परिषद अधिनियम-2004 में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस बदलाव के बाद प्रदेश के मदरसे अब कामिल और फाजिल की डिग्री जारी नहीं कर सकेंगे।
सरकार के अनुसार यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में लिया गया है। सरकार का कहना है कि कामिल और फाजिल डिग्रियों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से मान्यता प्राप्त नहीं है, इसलिए इन्हें समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय मानकों और नियामकीय ढांचे के अनुरूप बनाना है।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद मदरसा शिक्षा परिषद अधिनियम-2004 में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। संशोधित प्रावधान लागू होने के बाद प्रदेश की मदरसा शिक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे। सरकार का मानना है कि इससे उच्च शिक्षा प्रणाली में एकरूपता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि संशोधन लागू करने के लिए आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस फैसले के बाद मदरसा छात्रों, प्रबंधन और शिक्षा जगत में इसके प्रभाव को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।
कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव के अलावा कई अन्य अहम फैसलों को भी मंजूरी दी गई, जिनमें अनुपूरक बजट को विधानसभा में पेश किए जाने से जुड़ा प्रस्ताव भी शामिल है

