जालोर हादसा: घर के बाहर खेल रहे ढाई साल के मासूम को तेज रफ्तार डंपर ने रौंदा, तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत से गांव में मातम

Jalore News: राजस्थान के जालोर जिले के छाजाला गांव में घर के बाहर खेल रहे ढाई साल के मासूम की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोपी चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

जालोर हादसा: घर के बाहर खेल रहे ढाई साल के मासूम को तेज रफ्तार डंपर ने रौंदा, तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत से गांव में मातम
Dumper

राजस्थान के जालोर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बागोड़ा थाना क्षेत्र के छाजाला गांव में घर के बाहर खेल रहे ढाई साल के मासूम बच्चे को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गूंज उठा। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे डंपर चालक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मोहम्मद पुत्र बिलाल खान अपने घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक डंपर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने न तो रफ्तार कम की और न ही बच्चे को बचाने की कोशिश की, जिससे यह हादसा हो गया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए चालक को रुकने के लिए आवाज़ लगाई, लेकिन उसने वाहन की गति और बढ़ा दी तथा मौके से भागने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को दबोचा

डंपर चालक के भागने की कोशिश के बाद गांव के लोगों ने तत्काल उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बागोड़ा थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस फिलहाल चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

तीन बहनों का इकलौता भाई था मासूम

गांव के पूर्व सरपंच शरीफ खान ने बताया कि मृतक मोहम्मद परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बड़ी बहनें हैं और पिता बिलाल खान मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

पुलिस ने बच्चे के शव को बागोड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

बागोड़ा थानाधिकारी बलदेव राम ने बताया कि आरोपी चालक को डिटेन कर लिया गया है और हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे छाजाला गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार गांवों के भीतर लगातार हादसों की वजह बन रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।