Varanasi Airport: अकासा एयर की फ्लाइट से टकराया पक्षी, 188 यात्रियों की जान पर बनी आफत; वाराणसी लौटाया गया विमान

Varanasi Airport Bird Strike: वाराणसी से नवी मुंबई जा रही अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 बर्ड स्ट्राइक के बाद वापस एयरपोर्ट लौटी। विमान में 182 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे।

Varanasi Airport: अकासा एयर की फ्लाइट से टकराया पक्षी, 188 यात्रियों की जान पर बनी आफत; वाराणसी लौटाया गया विमान

Varanasi Airport Bird Strike: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नवी मुंबई जा रही अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 को बर्ड स्ट्राइक के बाद वापस वाराणसी एयरपोर्ट लौटना पड़ा। उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान से पक्षी टकरा गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियातन विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का फैसला किया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों में राहत की सांस आई।

उड़ान भरने के बाद सामने आई समस्या

अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 का निर्धारित प्रस्थान समय रात 7:55 बजे था। हालांकि विमान ने करीब रात 10 बजे वाराणसी से उड़ान भरी। उड़ान के दौरान विमान से पक्षी टकरा गया, जिसके बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को वाराणसी एयरपोर्ट वापस लाने का निर्णय लिया।

विमान ने रात करीब 10:51 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। बर्ड स्ट्राइक की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट और एयरलाइंस से जुड़े अधिकारियों ने विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी।

विमान में 188 लोग थे सवार

फ्लाइट में कुल 188 लोग मौजूद थे। इनमें 182 यात्री और 6 क्रू सदस्य शामिल थे। विमान के वापस लौटने के बाद यात्रियों को एयरलाइंस की ओर से होटल में ठहराने की व्यवस्था की गई। इसके बाद यात्रियों को अगले दिन दूसरी उड़ानों के जरिए उनके गंतव्य तक भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

जानकारी के मुताबिक, 25 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी।

इंजन पर पड़ा बर्ड स्ट्राइक का असर

बर्ड स्ट्राइक से विमान के इंजन के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई। विमान की तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए मुंबई से इंजीनियरों की टीम वाराणसी पहुंची और मरम्मत का काम किया गया। इंजीनियरों की टीम ने बुधवार रात तक विमान को ठीक करने का प्रयास किया।

बुधवार रात करीब 8:30 बजे विमान के ठीक होने के बाद इसे क्रू मेंबर्स के साथ मुंबई के लिए रवाना किया गया।

पहले भी मेडिकल इमरजेंसी के कारण हुई थी देरी

बताया गया कि यही विमान इससे पहले एक यात्री की मेडिकल इमरजेंसी के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर चुका था। इस वजह से विमान वाराणसी करीब दो घंटे की देरी से पहुंचा था। इसके बाद जब विमान ने वाराणसी से मुंबई के लिए उड़ान भरी तो रास्ते में बर्ड स्ट्राइक की घटना हो गई और उसे वापस एयरपोर्ट लौटना पड़ा।

एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर पक्षियों के विमानों से टकराने की आशंका और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बर्ड स्ट्राइक विमान संचालन के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। ऐसे में एयरपोर्ट परिसर और आसपास पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी उपाय करना जरूरी है।

घटना ने एयरपोर्ट प्रशासन के सामने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती को फिर से सामने ला दिया है।