मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराकर CNG कार में लगी आग; हरियाणा के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

मुजफ्फरनगर के पानीपत-खटीमा हाईवे पर जागाहेड़ी पुल के पास CNG कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार में आग लगने से हरियाणा के छह लोगों की मौत हो गई।

मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराकर CNG कार में लगी आग; हरियाणा के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र में एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद सीएनजी किट लगी कार में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार छह लोगों की जलकर मौत हो गई। सभी मृतक हरियाणा के जींद के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जागाहेड़ी पुल के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कार शामली की ओर से तेज रफ्तार में मुजफ्फरनगर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान तितावी थाना क्षेत्र में जागाहेड़ी पुल के पास चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी ओर पलट गई।

टक्कर के बाद कार में आग लग गई। सीएनजी किट लगी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

पुलिस और दमकल की टीम ने बुझाई आग

हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार सवार छह लोगों की मौत हो चुकी थी।

हरियाणा के जींद के रहने वाले थे सभी मृतक

तितावी थाना प्रभारी जयवीर सिंह के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी लोग हरियाणा से हरिद्वार जा रहे थे।