राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले पोस्टर वार, ‘NEET पर HYPOCRISY की भी सीमा होती है’; ‘प्रयागराज WOW, झारखंड छी...’ से सियासत गरम
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले शहर में पोस्टर वार शुरू हो गया है। ‘NEET पर HYPOCRISY की भी सीमा होती है’ और ‘झारखंड बुलाता है’ जैसे पोस्टरों से सियासत गरमा गई है।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित प्रयागराज दौरे से पहले संगम नगरी में सियासी पोस्टर वार शुरू हो गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए NEET के मुद्दे पर राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल उठाए गए हैं, तो वहीं झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर भी तंज कसा गया है।
प्रयागराज में लगे पोस्टरों ने राहुल गांधी के दौरे से पहले राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। खास बात यह है कि पोस्टरों में सीधे तौर पर NEET को लेकर राहुल गांधी पर ‘Hypocrisy’ यानी कथित दोहरे रवैये का आरोप लगाया गया है।
‘NEET पर HYPOCRISY की भी सीमा होती है’
प्रयागराज में लगाए गए एक पोस्टर में बड़े अक्षरों में लिखा गया है— ‘NEET पर HYPOCRISY की भी सीमा होती है!’
पोस्टर में राहुल गांधी की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए उनके प्रयागराज दौरे पर भी तंज कसा गया है। इसी पोस्टर में ‘प्रयागराज WOW’ लिखा गया है, जबकि दूसरी तस्वीर के साथ ‘झारखंड छी...’ लिखा गया है।
पोस्टर के जरिए संदेश देने की कोशिश की गई है कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर उनकी भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
‘कब आओगे मेरे राहुल? तुम्हें झारखंड बुलाता है’
प्रयागराज में एक अन्य पोस्टर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें लिखा है— ‘कब आओगे मेरे राहुल? तुम्हें झारखंड बुलाता है।’
इस पोस्टर के जरिए राहुल गांधी को झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन से जोड़ते हुए उन पर तंज कसा गया है। पोस्टर वार के सामने आने के बाद राहुल गांधी के दौरे से पहले ही प्रयागराज में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
बीजेपी ने भी राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भी कांग्रेस नेता पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राहुल गांधी राजनीतिक फायदा हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी यह कोशिश सफल नहीं होगी।
बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में छात्रों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बीजेपी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। उनके मुताबिक सरकार ने रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने पर काम किया है।
‘युवा राहुल गांधी के मुगालते में नहीं आने वाला’
राकेश त्रिपाठी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में बड़ी संख्या में नौकरियां दी गई हैं और राज्य को निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब राहुल गांधी की राजनीति से प्रभावित होने वाला नहीं है।
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी को लेकर यह भी कहा कि उन्हें अपने दादा फिरोज जहांगीर गांधी की कब्र पर फूल जरूर चढ़ाने चाहिए।
प्रयागराज दौरे से पहले क्यों गरमाई सियासत?
राहुल गांधी के प्रयागराज पहुंचने से पहले सामने आए इन पोस्टरों ने NEET और छात्र राजनीति के मुद्दे को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। एक तरफ कांग्रेस लगातार युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे उठाती रही है, वहीं बीजेपी राहुल गांधी की छात्र राजनीति पर सवाल खड़े कर रही है।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रयागराज दौरे के दौरान राहुल गांधी छात्रों और NEET से जुड़े मुद्दों पर क्या कहते हैं और बीजेपी के इन आरोपों पर कांग्रेस की तरफ से क्या जवाब सामने आता है।
फिलहाल, राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रयागराज की सड़कों पर लगे पोस्टरों ने यह साफ कर दिया है कि संगम नगरी में सियासी मुकाबला सिर्फ मंचों तक सीमित नहीं रहने वाला है।

