कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत; कई घायल, CM योगी ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत-बचाव अभियान जारी है।

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत; कई घायल, CM योगी ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में हुए इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा मलबे और प्रभावित क्षेत्र की तलाशी ली जा रही है।

चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं

कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत अभियान शुरू कर दिया। एम्बुलेंस के साथ फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। शुरुआती चरण में करीब पांच लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से कुछ को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति की जानकारी जुटा रहा है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

तीन घरों के प्रभावित होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में विस्फोट के कारण आसपास के करीब तीन घरों के आग और धमाके की चपेट में आने की बात सामने आई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी के साथ-साथ पड़ोसी जिले की प्रशासनिक और राहत टीमें भी मौके पर तैनात की गई हैं।

सर्कल ऑफिसर शिवांग सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि फैक्ट्री में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और वहां पटाखों का निर्माण या भंडारण नियमों के तहत किया जा रहा था या नहीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी की इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न रहे और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।

फिलहाल मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़े नुकसान और घायलों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।