30 नवंबर से फिर बैठेगी संसद, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर नजर; सरकार के सामने बहुमत जुटाने की चुनौती

लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर चर्चा की अटकलों के बीच जानें संसद का पूरा अपडेट।

30 नवंबर से फिर बैठेगी संसद, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर नजर; सरकार के सामने बहुमत जुटाने की चुनौती

संसद का मानसून सत्र औपचारिक रूप से समाप्त हुए बिना ही अब लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें दोबारा बुला ली गई हैं। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी दी है। सरकार ने बैठकों का उद्देश्य आवश्यक सरकारी कामकाज बताया है, हालांकि संभावित एजेंडे को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर अटकलें तेज

संसद की इन बैठकों को महिला आरक्षण कानून लागू करने और परिसीमन से जुड़े विधेयकों के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में नए सिरे से पहल कर सकती है। इसके लिए परिसीमन और संविधान संशोधन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की अटकलें हैं। हालांकि, सरकार ने अभी तक इन विधेयकों को बैठक के एजेंडे में शामिल किए जाने की पुष्टि नहीं की है।

अप्रैल में लोकसभा में गिर गया था संविधान संशोधन बिल

संसद ने सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, इसके लागू होने की प्रक्रिया को जनगणना के बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया है।

महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने के उद्देश्य से सरकार ने अप्रैल 2026 में संविधान संशोधन और परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश किए थे। प्रस्ताव में लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की बात थी। लेकिन संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई समर्थन हासिल नहीं कर पाया और पारित नहीं हो सका।

लोकसभा में NDA को 40 वोट की कमी

महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार के सामने बहुमत का गणित भी चुनौती बना हुआ है। इंडिया टुडे की 27 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक लोकसभा में एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन है। सदन में तीन सीटें खाली होने के कारण 540 सदस्य मतदान कर सकते हैं। यदि सभी सदस्य मतदान करते हैं तो दो-तिहाई समर्थन के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। इस गणित के अनुसार एनडीए को करीब 40 अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे।

राज्यसभा में भी संविधान संशोधन विधेयक के लिए जरूरी समर्थन जुटाना सरकार के सामने चुनौती हो सकता है। ऐसे में क्षेत्रीय दलों और विपक्षी सांसदों का रुख महत्वपूर्ण रहेगा।

कांग्रेस की रणनीति बैठक पर भी नजर

संसद की प्रस्तावित बैठकों से पहले कांग्रेस भी अपनी रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी की संसदीय रणनीति समिति की बैठक 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे प्रस्तावित है। इसमें संसद की कार्यवाही और संभावित विधेयकों को लेकर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।

मानसून सत्र अब तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 को शुरू हुआ था। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था। अब दोनों सदनों को फिर से बुलाया गया है। ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाली कार्यवाही में सरकार किन विधेयकों को प्राथमिकता देती है और महिला आरक्षण-परिसीमन का मुद्दा एजेंडे में आता है या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी।