हार के बाद भी सरिता चौहान के तेवर बरकरार, कांग्रेस से 6 साल के निष्कासन पर कही ये बात

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में निकिता डूडी से हारने के बाद सरिता चौहान को कांग्रेस ने 6 साल के लिए निष्कासित किया। जानें कार्रवाई पर सरिता ने क्या कहा।

हार के बाद भी सरिता चौहान के तेवर बरकरार, कांग्रेस से 6 साल के निष्कासन पर कही ये बात

राजस्थान के बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी से हारने के बाद भी सरिता चौहान के तेवर बरकरार हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने के आरोप में सरिता को छह साल के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सरिता ने कहा कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन इससे उनके हौसले और संघर्ष पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

सरिता चौहान ने कहा कि वह इस चुनाव को अपने राजनीतिक जीवन का अहम मोड़ मानती हैं। उनके मुताबिक, इसे कांग्रेस से विदाई के बजाय अपने राजनीतिक सफर की नई शुरुआत के रूप में देखती हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह रुकने वाली नहीं हैं और आने वाले समय में भी उनका संघर्ष जारी रहेगा।

निकिता डूडी ने 5 वोटों से दर्ज की जीत

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी ने पांच मतों के अंतर से जीत हासिल की। निकिता को कुल 23 वोट मिले, जबकि कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने वाली सरिता चौहान को 18 मत प्राप्त हुए।

परिणाम घोषित होने के बाद जिला परिषद परिसर के बाहर निकिता के समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। वहीं, सरिता चौहान के समर्थकों में मायूसी नजर आई।

सरिता चौहान को 6 साल के लिए कांग्रेस से निकाला

चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने सरिता चौहान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की ओर से जारी आदेश में उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया।

पार्टी की ओर से यह कार्रवाई अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण की गई।

पार्टी पर्यवेक्षक ने लगाए विश्वासघात के आरोप

कांग्रेस के पार्टी पर्यवेक्षक और श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि यह जीत जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पार्टी के कुछ नेता बगावत नहीं करते तो निकिता डूडी और अधिक मतों से जीततीं।

इंदौरा के अनुसार, पार्टी ने पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और उनकी पुत्री सरिता चौहान पर भरोसा किया था, लेकिन उन्होंने पार्टी के फैसले का सम्मान नहीं किया। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम की रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी और आगे की कार्रवाई का निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा।

भीतरघात के बावजूद जीत का कांग्रेस ने किया दावा

बीकानेर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने निकिता डूडी की जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी।

इस मौके पर नोखा विधायक सुशीला डूडी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. बीडी कल्ला, बिशनाराम सियाग, भंवर कूकणा, श्याम पंचारिया, जिला चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह सोढ़ी, दिलीप सिंह आडसर, रेवंत सिंह राजपुरोहित, अशोक भाटी और सुरेंद्र सिंह शेखावत सहित कई नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।