रेस्टोरेंट में चाकूबाजी के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस, बालक ने हेड कांस्टेबल पर किए चाकू से वार
कोटा के कैथून में रेस्टोरेंट में चाकूबाजी और तोड़फोड़ के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ। एक बालक ने हेड कांस्टेबल पर चाकू से दो वार किए।
कोटा के कैथून थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट में चाकूबाजी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया है। आरोपियों की तलाश के दौरान एक बालक ने डीएसटी के हेड कांस्टेबल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी दोनों बाजुओं पर चोट आई।
रेस्टोरेंट में विवाद के बाद चाकूबाजी
कोटा ग्रामीण के कैथून थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरा गांव में रेस्टोरेंट कर्मचारी से विवाद के बाद चाकूबाजी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब 9 से 9:30 बजे दो युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे।
बताया गया कि टेबल बदलने की बात को लेकर उनका रेस्टोरेंट कर्मचारियों से विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने शिवराज और कर्मचारी सुमित मेघवाल पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए। आरोपियों ने रेस्टोरेंट के काउंटर और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की।
अगले दिन फिर रेस्टोरेंट में पहुंचे आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना के अगले दिन आरोपी दोबारा कार से रेस्टोरेंट पहुंचे। इस दौरान उनके पास तलवार और डंडे थे और उन्होंने रेस्टोरेंट में फिर तोड़फोड़ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैथून थाना पुलिस के साथ डीएसटी और साइबर टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों के वाहनों की पहचान की और तकनीकी जांच के साथ मुखबिर तंत्र से भी जानकारी जुटाई।
घेराबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को कैथून बायपास के पास एक संदिग्ध कार दिखाई दी। टीम ने घेराबंदी कर विकास उर्फ विक्की नरवाल और दीपक उर्फ दीपू कालिया को गिरफ्तार किया।
इसी दौरान कार में सवार अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, बबलू उर्फ गबरिया बचने के प्रयास में पुलिया से नीचे कूद गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे चोट लगी और उसे एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हेड कांस्टेबल पर चाकू से किए दो वार
पुलिस के अनुसार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी मौके से भागने लगा। डीएसटी के हेड कांस्टेबल रविकांत ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि इसी दौरान बालक ने जेब से बटनदार चाकू निकाला और हेड कांस्टेबल पर हमला कर दिया। चाकू के दो वार से उनकी दोनों बाजुओं पर चोट आई।
हमले के बाद बालक पुलिया के पास से नीचे खेतों की ओर कूद गया। गिरने से उसके हाथ-पैर में चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दोनों बालकों को किया गया निरुद्ध
पुलिस ने उपचार के बाद एक बालक को निरुद्ध कर लिया, जबकि दूसरे बालक को मंगलवार को निरुद्ध किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों बालक पूर्व में भी चाकूबाजी के मामलों में चालानशुदा रहे हैं।
हेड कांस्टेबल पर चाकू से हमला करने के मामले में अलग से प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अब रेस्टोरेंट में हुई वारदात और पुलिसकर्मी पर हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

