26/11 की बरसी पर मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी, अमिताभ बच्चन के बंगले और मेट्रो स्टेशन को लेकर ईमेल

26/11 हमले की 18वीं बरसी पर मुंबई में बम की धमकी मिली। ईमेल में मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले और आचार्य मेट्रो स्टेशन को निशाना बनाने का दावा किया गया।

26/11 की बरसी पर मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी, अमिताभ बच्चन के बंगले और मेट्रो स्टेशन को लेकर ईमेल

मुंबई में 26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी के दिन शहर में बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े को ईमेल के जरिए धमकी दी गई है। ईमेल में मेयर कार्यालय को निशाना बनाने के साथ ही अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर बम रखे होने का दावा किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय को उड़ाने की बात कही गई है। इसके अलावा सायन स्थित महालक्ष्मी जलसा बंगले, जिसे अमिताभ बच्चन का आवास बताया गया है, और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर बम होने का दावा किया गया है।

हालांकि, ईमेल में किए गए दावों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।

पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट को भी मिली बम की धमकी

मुंबई से पहले पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम को कोर्ट परिसर में जांच के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। गौरतलब है कि इसी कोर्ट के बाहर एक दिन पहले एक व्यक्ति पर कोयते और बंदूक से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

26/11 मुंबई आतंकी हमला: 166 लोगों की हुई थी मौत

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। पाकिस्तान से आए 10 आतंकियों ने मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाया था। इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 600 से अधिक लोग घायल हुए थे।

सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 9 आतंकवादी मारे गए थे, जबकि अजमल कसाब को जिंदा गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे फांसी दी गई। इस हमले के 18 साल बाद भी 26/11 की बरसी पर देश उन लोगों को याद कर रहा है, जिन्होंने इस आतंकी हमले में अपनी जान गंवाई थी।

26 नवंबर की तारीख भारतीय इतिहास में संविधान दिवस के रूप में भी महत्वपूर्ण है। इसी दिन 1949 में भारत की संविधान सभा ने संविधान को अंगीकार किया था।