राज्यसभा चुनाव से पहले झारखंड में सियासी हलचल, NDA विधायकों को होटल में रखने की तैयारी!
झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए अपने विधायकों को होटल में ठहराने की तैयारी में है, जबकि इंडिया गठबंधन ने भी रणनीतिक बैठक बुलाई है।
झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी नीत एनडीए अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए रांची के एक होटल में ठहराने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि एनडीए के सभी 24 विधायक मतदान तक होटल में रह सकते हैं और चुनाव के दिन सीधे विधानसभा पहुंचेंगे।
हालांकि बीजेपी नेताओं ने ऐसी किसी आधिकारिक योजना की जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं, दूसरी ओर इंडिया गठबंधन ने भी अपने विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसमें राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति और मतदान प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी।
राज्यसभा की दो सीटों के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। महागठबंधन की ओर से कांग्रेस और जेएमएम ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी मैदान में हैं।
विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों के अनुसार इंडिया गठबंधन के पास स्पष्ट बढ़त है, जबकि एनडीए को अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में चुनाव से पहले दोनों खेमों की सक्रियता ने झारखंड की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है।

