नोएडा के मामूरा में EV बैटरी चार्जिंग के दौरान भीषण आग, धुएं से महिला-पुरुष की मौत, 50 परिवार बचाए गए

Mamura Fire News: नोएडा के मामूरा स्थित G+4 भवन में EV बैटरी चार्जिंग के दौरान स्पार्क से भीषण आग लग गई। हादसे में धुएं से दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया।

नोएडा के मामूरा में EV बैटरी चार्जिंग के दौरान भीषण आग, धुएं से महिला-पुरुष की मौत, 50 परिवार बचाए गए

Mamura Fire News: मामूरा स्थित एक जी+4 आवासीय भवन में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) की बैटरी चार्जिंग के दौरान हुए स्पार्क से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में धुएं से दम घुटने के कारण एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि भवन में रहने वाले करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ई-वाहन की बैटरी से उठी चिंगारी बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भवन के ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी में स्पार्क हुआ। इसके बाद पास में खड़े पेट्रोल वाहनों ने आग पकड़ ली, जिससे आग तेजी से फैल गई।

7 फायर टेंडर और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात फायर टेंडर, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

50 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया

जी+4 भवन में लगभग 50 परिवार रह रहे थे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग से उठे घने धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया

धुएं से प्रभावित एक महिला और एक पुरुष को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान हुआ स्पार्क माना जा रहा है।