मशहूर शायर बशीर बद्र का निधन, 91 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र का आज भोपाल में निधन हो गया. 91 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।
मशहूर शायर बशीर बद्र का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके निधन की खबर सुनकर लाखों प्रशंसक को शोक की लहर है. उन्हें आधुनिक गजल के उस्ताद माना जाता है. साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.

बशीर बद्र का जन्म 15 फरवरी 1935 को यूपी के अयोध्या में हुआ था. उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) से अपनी उच्च शिक्षा और पीएचडी पूरी की और वहां उर्दू के प्रोफेसर के रूप में भी सेवाएं दीं. बद्र साहब को आम बोलचाल की सरल, रूमानी और बेहद प्रभावशाली भाषा में गजलें लिखने के लिए जाना जाता है. उन्होंने गजल विधा में कई नए और ठेठ शब्दों को शामिल किया.
बशीर बद्र की शायरी की सबसे बड़ी खासियत इसकी सरलता और सहजता है. उन्होंने ग़ज़ल में ऐसे रोजमर्रा के शब्दों का बखूबी इस्तेमाल किया, जिन्हें पारंपरिक उर्दू शायरी में जगह नहीं मिलती थी. उन्होंने कई प्रसिद्ध किताबें लिखीं, जिनमें 'इमकान', 'आहटें', 'कुल्लियात-ए-बशीर बद्र' और 'उजाले अपनी यादों के' शामिल हैं.
कभी दंगों में जला था घर
उर्दू शायरी के जरिए मोहब्बत की बातें करने वाले बशीर बद्र को साल 1987 में मेरठ के सांप्रदायिक दंगों में नफरत का सामना करना पड़ा था. इन दंगों में उनका घर जला दिया गया था. इस हादसे में उनकी कई ऐतिहासिक अप्रकाशित रचनाएं और कविताएं हमेशा के लिए नष्ट हो गईं. इस घटना के बाद ही वे हमेशा के लिए भोपाल शिफ्ट हो गए थे.
बशीर बद्र की मशहूर शायरी
1. "कुछ तो मजबूरियां रही होंगी
यूं ही कोई बेवफा नहीं होता"
2. "मोहब्बतों में दिखावे की दोस्ती न मिला
अगर गले नहीं मिलता, तो हाथ भी न मिला"
3. "सर झुकाओगे तो,पत्थर देवता हो जाएगा
इतना मत चाहो उसे, वो बेवफा हो जाएगा"
4. "जी बहुत चाहता है सच बोलें
क्या करें हौसला नहीं होता"
5. "दुश्मनी जम कर करो, लेकिन ये गुंजाइश रहे
जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिंदा न हो"
JP Sharma 
